हेमा मालिनी ने अपने जन्मदिन पर पंकज धीर को किया याद

अभिनेत्री से नेता बनीं हेमा मालिनी ने अपना 77वां जन्मदिन मनाया। हेमा के लिए आज का दिन खुशी से भरा है क्योंकि सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस को हर तरफ से बधाई मिल रही है। हेमा ने अपने जन्मदिन पर अपने करीबी दोस्त और हर मुसीबत में साथ देने वाले एक्टर पंकज धीर को याद किया है और उनके साथ बिताए पलों के बारे में भी फैंस को बताया है।
हेमा मालिनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती है। अपने बर्थडे पर उन्होंने एक इमोशनल पोस्ट कर अपने को-स्टार को याद किया। दोनों ने साथ फिल्म ‘महाभारत और बर्बरीक’ में साथ काम किया था। हेमा मालिनी ने अपने इंस्टाग्राम पर पंकज धीर के साथ दो फोटो डाली हैं। दोनों ही फोटो बहुत पुरानी लगती हैं। हेमा मालिनी उनके निधन से बहुत परेशान हैं और उन्होंने अपने दुख को शब्दों में जाहिर किया है। एक्ट्रेस ने पोस्ट में लिखा, ‘कल मैंने एक बहुत ही प्यारे दोस्त पंकज धीर को खो दिया और मैं पूरी तरह से टूट गई हूं। मेरे लिए, वह हमेशा बहुत सहायक रहे, जो भी मैंने किया, उन्होंने हमेशा मुझे प्रोत्साहित किया और जब भीमुझे उनकी जरूरत पड़ी, हमेशा मेरे साथ रहे।’ हेमा ने आगे लिखा, ‘मुझे अपने जीवन में उनके सपोर्ट और उनके न होने की कमी हमेशा खलेगी। हेमा ने पोस्ट में पंकज धीर की पत्नी अनीता के प्रति भी संवेदना व्यक्त की और उनके लिए भगवान से प्रार्थना की। कर्ण के रोल से हर घर में फेमस हुए पंकज धीर का बुधवार को निधन हो गया। एक्टर लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने एक बार कैंसर को हरा दिया था लेकिन फिर दोबारा बीमारी की चपेट में आने के बाद उनकी हिम्मत टूट गई। बुधवार को ही उनके बेटे ने उनका मुंबई में अंतिम संस्कार किया, जिसमें बॉलीवुड के बड़े सितारे सलमान खान, शक्ति कपूर, अरबाज खान और सिद्धार्थ कपूर शामिल थे। सभी ने नम आंखों से पंकज धीर को विदाई दी। (हिफी)



