ईरान ने पाक के जहाज को वापस भेजा

पाकिस्तान को ईरान ने बड़ा झटका दिया है। ईरान ने खाड़ी से कराची की तरफ आ रहे जहाज सेलन को होर्मुज में रोक दिया है, जिसके कारण जहाज सेलन को वापस खाड़ी में जाना पड़ा है। ईरान के आधिकारियों का कहना था कि जहाज को होर्मुज से गुजरने की परमिशन नहीं दी गई थी। इसी कारण उसे वापस भेज दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात से पाकिस्तान के कराची की तरफ जा रहा था। पाकिस्तान सरकार ने इस पर चुप्पी
साध ली है। यूएई ने भी कोई टिप्पणी नहीं की है। काबुल स्थित ईरान दूतावास के एक बयान के मुताबिक इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के नेवी ने पाकिस्तान जा रहे शिप को वापस यूएई भेज दिया। क्योंकि, ईरान की सरकार ने इस जहाज को होर्मुज से गुजरने की परमिशन नहीं दी थी। इक्वसिस की मानें तो यह छोटा फीडर कंटेनर जहाज है, जो 2000 में बनाया गया था। इसमें लगभग 6850 टन तक सामान ले जाया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक इस कंटेनर जहाज में शारजाह के पास सामान भरा गया था, जो ओमान के रास्ते होर्मुज से गुजर रहा था, लेकिन जैसे ही ईरान ने कंटेनर जहाज को चेतावनी भेजी, उसने अपना रास्ता बदल लिया। इस जहाज में किस तरह के सामान लदे थे, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
होर्मुज से अब तक पाकिस्तान के कई जहाजों को ईरान ने गुजरने दिया है। कम से कम एक जहाज की जानकारी आधिकारिक रूप से है, लेकिन अब अचानक से सेलन कंटेनर जहाज को वापस कर दिया है।



