विश्व-लोक

जापान की पीएम ने उठाया हिंद-प्रशांत क्षेत्र और चीन की चुनौतियों का मुद्दा

फ्रांस में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने चीन से जुड़ी क्षेत्रीय चुनौतियों को प्रमुखता से उठाया। जापानी प्रधानमंत्री ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति और विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों पर जी-7 देशों के बीच समन्वय आवश्यक है।
ताकाइची ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, जी-7 नेताओं के रात्रिभोज में पश्चिम एशिया की स्थिति, रूस-यूक्रेन संघर्ष, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। जापान ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति और चीन से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों पर अपना दृष्टिकोण साझेदार देशों के सामने रखा।
ताकाइची के अनुसार, जी-7 देशों ने इन मुद्दों पर मिलकर और करीबी समन्वय के साथ काम करने की आवश्यकता पर सहमति जताई। जापानी प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री व्यापार निर्बाध रूप से जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने ईरान के परमाणु हथियार कार्यक्रम को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ सहयोग की वकालत की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button