फिल्मी

जयाप्रदा के प्यार का तोहफा गाने ने साड़ी का बढ़ाया क्रेज

साल 1984 में रिलीज हुई फिल्म तोहफा के मशहूर गाने प्यार का तोहफा ने उस समय धूम मचा दिया था। अभिनेत्री जया प्रदा ने बताया कि गाने में उनके द्वारा पहनी गई साड़ियों का भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता था। अभिनेत्री डांस रियलिटी शो, इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5 में अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि के साथ स्पेशल गेस्ट के तौर पर आई थीं। शो के दौरान कंटेस्टेंट ऋतुराज और कोरियोग्राफर वैष्णवी ने सदाबहार गाने प्यार का तोहफा पर जबरदस्त परफॉर्मेंस दी, जिसे देखकर जया काफी प्रभावित हुई। अभिनेत्री ने परफॉर्मेंस के बाद गाने के समय को याद करते हुए कहा, ये गाना रिलीज होने के बाद जया प्रदा साड़ी ट्रेंड चल गया था। सिनेमाघरों में जब ये गाना चलता था, तो हर जगह साड़ियों की इतनी डिमांड बढ़ गई थी कि दुकानों में साड़ियां ही नहीं मिल पाती थीं। साथ ही, मैं जहां भी जाती थी, तो लोग मुझे देखकर तोहफा, तोहफा, तोहफा चिल्लाने लगते थे। मैं सोचती थी इतने सारे तोहफे मैं कहां से लाऊं? उस समय मेरे साथ ऐसा ही होता था। मुझे इस गाने पर बहुत गर्व है और ये मेरे करियर के बेहतरीन गानों में से एक हैं। अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने बताया कि साउथ इंडियन फिल्ममेकर्स, खासकर डायरेक्टर के. राघवेंद्र राव जैसे निर्देशक ही हिंदी सिनेमा में नया बदलाव लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि ये निर्देशक हिंदी सिनेमा में एक अलग तरह का विजुअल स्टाइल लेकर आए थे। उन्होंने कहा, सॉन्ग प्यार का तोहफा की साड़ियां कमाल की थीं। हालांकि, ये साड़ियां साउथ इंडियन फिल्ममेकर्स की क्रिएटिविटी और खूबसूरत सोच को दिखाती हैं, जिसे वे बॉलीवुड में लेकर आए थे। इस गाने को मशहूर गायक किशोर कुमार और गायिका आशा भोसले ने अपनी आवाज दी थी। बप्पी लहरी के अनोखे और जोशीले संगीत ने इस गाने को एक सदाबहार रोमांटिक धुन दी, जो आज भी लोगों को पसंद है। इस गाने में अभिनेता जितेन्द्र के साथ जया प्रदा और श्रीदेवी की प्रसिद्ध जोड़ी नजर आई थी। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button