कारोबार

एयर इंडिया व लुफ्यांसा की नई साझेदारी

भारत-यूरोप की यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है। एयर इंडिया और लुफ्यान्सा की नई साझेदारी से ज्यादा फ्लाइट ऑप्शन, बेहतर कनेक्टिविटी और एक ही टिकट पर मल्टी-एयरलाइन यात्रा संभव होगी। इससे सफर आसान, तेज और संभावित रूप से किफायती बन सकता है।
भारत और यूरोप के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। एयर इंडिया और लुफ्यान्सा ग्रुप ने अपने संयुक्त व्यापार को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। आपको बता दें कि इस करार के बाद दोनों पक्ष भारत और यूरोप के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने, बेहतर तालमेल और यात्रियों को एक ही टिकट पर कई एयरलाइंस की सुविधा देने की दिशा में काम करेंगे।
इस साझेदारी में लुफ्थांसा ग्रुप की कई प्रमुख एयरलाइंस शामिल हैं। फिलहाल ये एयरलाइंस मिलकर 145 कोडशेयर रूट्स पर उड़ानें संचालित कर रही हैं, जो भारत के 15 शहरों को यूरोप के 29 शहरों से जोड़ती हैं। नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद उड़ानों का शेड्यूल, रूट और टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं और आसान और बेहतर हो जाएंगी। इस समझौते का सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को मिलेगा। अब अलग-अलग एयरलाइंस की टिकट बुक करने की जरूरत कम हो सकती है। यात्री एक ही टिकट पर पूरी यात्रा बुक कर सकेंगे, जिससे कनेक्टिंग फ्लाइट के दौरान परेशानी कम होगी। साथ ही, फ्रीक्वेंट फ्लायर प्रोग्राम्स को भी जोड़ा जाएगा। इससे यात्री एक एयरलाइन में कमाए गए माइल्स को पार्टनर एयरलाइन में भी रिडीम कर सकेंगे। इससे लॉयल्टी बेनिफिट्स और बढ़ेंगे।
भारत और यूरोप के बीच पर्यटन, शिक्षा और व्यापार के कारण यात्रा की मांग तेजी से बढ़ रही है। हाल ही में हुए भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते के बाद इस रूट पर यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। 2022 में निजीकरण के बाद एयर इंडिया अपने नेटवर्क को तेजी से विस्तार दे रही है। वहीं लुफ्थांसा ग्रुप के लिए भारत एक अहम और तेजी से बढ़ता बाजार है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह साझेदारी आने वाले समय में भारत और यूरोप के बीच हवाई यात्रा को अधिक सुगम, किफायती और सुविधाजनक बना सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button