ईरान में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता गिरफ्तार

ईरान ने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को अचानक गिरफ्तार कर लिया है, इससे उनके समर्थकों में भारी आक्रोश पैदा हो गया है। नरगिस के नाम पर बनी एक संस्था ने बताया कि राजधानी तेहरान से करीब 680 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित मशहद में उनको उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वे एक मानवाधिकार वकील की स्मृति सभा में शामिल होने गई थीं। बता दें कि इस वकील की हाल ही में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ईरान के एक अधिकारी ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मगर यह स्पष्ट नहीं है कि इसके बाद 53 वर्षीय मोहम्मदी को तुरंत जेल भेजा जाएगा या नहीं। बता दें कि वे दिसंबर 2024 में चिकित्सीय कारणों से अस्थायी रिहाई पर थीं। अब नरगिस की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब ईरान बुद्धिजीवियों और अन्य लोगों पर सख्ती कर रहा है, क्योंकि देश प्रतिबंधों, खराब होती अर्थव्यवस्था और इजरायल के साथ फिर से युद्ध के डर से जूझ रहा है। मोहम्मदी की गिरफ्तारी से पश्चिमी देशों का ईरान पर दबाव बढ़ सकता है क्योंकि इस दौरान ईरान बार-बार अपने परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका के साथ नई वार्ता की इच्छा जता रहा है, हालांकि यह अभी तक शुरू नहीं हुई है।
नॉर्वेजियन नोबेल कमेटी ने मोहम्मदी की गिरफ्तारी पर “गहरी चिंता” व्यक्त की है और ईरानी अधिकारियों से उनकी तुरंत और बिना शर्त रिहाई की मांग की है। नरगिस की गिरफ्तारी के बाद 80 से अधिक वकीलों ने हस्ताक्षर करके पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।



