अध्यात्म

यह सुभ संभु उमा संवादा… 22

कल्पतरु के समान है राम का नाम

हमारे पौराणिक ग्रंथों में कल्पवृक्ष का वर्णन किया गया है। यह अनुपम वृक्ष भी समुद्र मंथन से पैदा हुआ था। इस वृक्ष को देवदारू भी कहते हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में एक अनोखा वृक्ष है जो काफी प्राचीन माना जाता है। इसे कल्पवृक्ष की संज्ञा दी गयी है। इसके बारे में भी कई पौराणिक कथाएं बतायी जाती हैं। यहां पर देश-विदेश से पर्यटक भी पहुंचते हैं और दिव्य वृक्ष के दर्शन करते हैं। फिलहाल इस प्रकार का दूसरा वृक्ष भारत में नहीं मिला है। गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं कि राम का नाम भी कल्पवृक्ष के समान है जिससे जो मांगो, वहीं मिल जाता है।
सबरी गीध सुसेवकनि सुगति दीन्ह रघुनाथ।
नाम उघारे अमित खल बेद विदित गुन गाथ।
अर्थात् श्री रघुनाथ जी ने तो शबरी, जटायु आदि उत्तम सेवकों को ही मुक्ति दी लेकिन नाम (राम) ने अगणित दुष्टों का उद्धार किया। राम नाम के गुणों की कथा वेदों में भी विख्यात है।
राम सुकंठ, विभीषन दोऊ, राखे सरन जान सबु कोऊ।
नाम गरीब अनेक नेवाजे, लोकबेद बर बिरिद बिराजे।
राम भालु कपि कटकु बटोरा, सेतु हेतु श्रमु कीन्ह न थोरा।
नाम लेत भव सिंधु सुखाहीं, करहु बिचारू सुजन मनमाहीं।
अर्थात् श्री राम ने सुग्रीव और विभीषण दोनों को ही अपनी शरण में रखा यह सब कोई जानते हैं लेकिन राम के नाम ने अनेक गरीबों पर दया की है। नाम का यह सुन्दर व्याख्यान और प्रशंसा लोक कथाओं और वेदों में बतायी गयी है। इसी प्रकार श्री राम ने बन्दरों और भालुओं की सेना बटोर कर (एकत्रित कर) समुद्र पर पुल बांधने में थोड़ा नहीं बल्कि बहुत ज्यादा श्रम किया लेकिन राम का नाम लेते ही संसाररूपी समुद्र सूख जाता है, लोग भवसागर को पार कर जाते हैं। इसलिए सज्जनगण विचार कीजिए कि भगवान राम और उनके नाम में कौन बड़ा है।
राम सकुल रन रावनु मारा, सीय सहित निजपुर पगु धारा।
राजा राम अवध राजधानी, गावत गुन सुरमुनि बरबानी।
सेवक सुमिरत नाम सुप्रीती, बिनु श्रम प्रबल मोह दल जीती।
फिरत सनेहं मगन सुख अपने, नाम प्रसाद सोच नहिं सपने।
अर्थात् श्री रामचन्द्र जी ने परिवार सहित रावण को युद्ध करके मारा था, तब सीता सहित उन्हांेने अपने नगर अयोध्या में प्रवेश किया। राम राजा हुए और अयोध्या (अवध) उनकी राजधानी। देवता और मुनि सुन्दर वाणी से जिनके गुण गाते हैं लेकिन राम नाम के भक्त प्रेमपूर्वक राम का स्मरण करके बिना परिश्रम के मोह की प्रबल सेना को जीतकर प्रेम में मग्न हो अपने ही सुख में राज्य करते हैं। राम नाम के प्रसाद से उन्हें सपने में भी कोई चिंता नहीं रहती।
इसीलिए- ब्रह्म राम तें नामु बड़, बरदायक बरदानि।
रामचरित सतकोटि महं लिय महेश जियजानि।
निर्गुण ब्रह्म और सगुण राम दोनों से ही राम का नाम बड़ा है। यह वरदान देने वालों को भी वर देने वाला है। श्री शिवजी ने अपने हृदय में यह जान कर ही सौ करोड़ रामचरित्र से इस राम नाम को सार रूप से चुनकर ग्रहण किया है।
नाम प्रसाद संभु अविनासी, साजु अमंगल मंगल रासी।
सुक सनकादि सिद्ध मुनिजोगी, नाम प्रसाद ब्रह्मसुख भोगी।
नारद जानेउ नाम प्रतापू, जग प्रिय हरि हरि हर प्रिय आपू।
नामु जपत प्रभु कीन्ह प्रसादू, भगत सिरोमनि भे प्रह्लादू।
ध्रुव सगलानि जपेउ हरिनाऊं, पायउ अचल, अनूपम ठाऊं।
सुमिरि पवन सुत पावन नामू, अपने बस करि राखे रामू।
अपतु अजामिलु गजु गनिकाऊ, भये मुकुत हरिनाम प्रभाऊ।
कहौं कहां लगि नाम बड़ाई, रामु न सकहिं नाम गुन गाई।
अर्थात् नाम के ही प्रसाद से भगवान शंकर को अविनाशी होने का गौरव मिला है। शंकर जी आदि देव है और उनका कभी विनाश नहीं होता। उन्हें सृष्टिकर्ता, पालनकर्ता और विनाशकर्ता कहा जाता है। राम के नाम का जप करने के कारण ही शंकर जी अमंगल वेश वाले होते हुए भी मंगल की राशि हैं। शंकर जी की वेशभूषा के बारे में कहा जाता है कि वे बाघ की खाल पहनते हैं। अपने शरीर में चिता की भस्म लगाते हैं। उनके गले में विषधर (सर्प) लिपटे रहते हैं। उनके साथ भूत-प्रेत चलते हैं। इस प्रकार बहुत भयानक वेशधारी शिवजी माने जाते हैं। उनके साथ जो भी रहते हैं वे अमंगल के सूचक हैं जैसे चिता की भस्म, सर्प, भूत-प्रेत आदि। इसके बाद भी शिवजी की आराधना करने वालों का हर प्रकार से कल्याण होता है। यह सब राम नाम के जप का ही प्रभाव है। इसी प्रकार शुकदेव जी जिन्होंने सत्यनारायण व्रत कथा जैसी तमाम विधाएं सृजित कीं, सनकादि सिद्ध मुनि, योगीगण आदि नाम के ही प्रसाद से ब्रह्मानंद को प्राप्त करते हैं। नारद जी ने रामनाम के प्रताप को जाना। इसलिए हरि (भगवान) जहां समस्त संसार को प्रिय हैं, भगवान विष्णु भगवान शंकर को प्रिय हैं, और नारद जी भगवान शंकर और भगवान विष्णु (हरि-हर) दोनों को प्रिय हैं। नारद जी पर यह कृपा इसीलिए हुई कि वह राम नाम का कीर्तन हमेशा किया करते हैं। भक्त शिरोमणि प्रह्लाद भी राम नाम के जपने से ही हुए। बालक ध्रुव ने ग्लानि के साथ राम नाम का जप किया क्योंकि उसकी बिमाता ने उसे पिता की गोद से उतार दिया था और कहा था कि जा राम की गोद में बैठ। बिमाता के वचनों से दुखी होकर सकाम भाव से ध्रुव ने राम नाम का जप किया था, इसके बाद भी वह भक्तों में सबसे प्रथम माने जाते हैं। भगवान ने उनको अचल स्थान दिया है। आसमान में उत्तर की दिशा में एक चमकता हुआ तारा दिखाई पड़ता है, जिसे ध्रुव तारा कहा जाता है। इस तारे की परिक्रमा करते हुए सात नक्षत्र हैं जिन्हें सप्त रिषि तारा कहते हैं।
ध्रुव तारा बहुत ऊंचाई पर है और लाखों बरसों में स्थान बदलता है, ऐसा खगोल वैज्ञानिकों का मानना है। इसलिए ध्रुव लोक को अचल माना जाता है। गोस्वामी तुलसीदास
कहते हैं कि हनुमान जी ने भी पवित्र नाम का स्मरण करके श्री राम जी को अपने वश में कर रखा है। नीच अजामिल, गज (हाथी) जिसे ग्राह (मगर) ने पकड़ लिया था। गज ने भगवान को पुकारा तो भगवान ने मगर (घड़ियाल) का सिर काटकर गज को मुक्त कराया। इसी प्रकार एक वेश्या (गणिका) ने भगवान की पूजा की तो उसको भी पाप से मुक्ति मिल गयी। इस प्रकार राम नाम की बड़ाई कहां तक की जाए। गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं कि भगवान राम भी अपने नाम के गुण का बखान नहीं कर सकते हैं।
नाम राम को कल्पतरु कलि कल्यान निवासु।
जो सुमिरत भयो भांग ते तुलसी तुलसीदासु।
अर्थात् कलियुग मे ंराम का नाम कल्पतरु के समान है जो मनचाहा पदार्थ देने वाला है। कल्प का मतलब इच्छा होता है और तरु का अर्थ पेड़ से है। इच्छा प्रदान करने वाला पेड़ कल्पतरु राम नाम है। इस नाम रूपी कल्पतरु में कल्याण का निवास अर्थात् मुक्ति का घर है। गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं कि इसी राम नाम के जप से भांग के पौधे सा निकृष्ट तुलसीदास भी तुलसी के पेड़ जैसा पवित्र हो गया। तुलसी का पौधा औषधीय गुणों से परिपूर्ण होता है और हिन्दुओं के घर में इस पौधे की पूजा की जाती है। घर में तुलसी का पौधा लगाना बहुत शुभ माना जाता है। यह सब राम नाम का प्रभाव है। -क्रमशः(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button