ट्रम्प ने अपने को बताया वेनेजुएला का कार्यकारी राष्ट्रपति

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक चैंकाने वाली पोस्ट की। इस पोस्ट में उन्होंने खुद को एक्टिंग प्रेसीडेंट आफ वेनेजुएला बताया। पोस्ट में एक एडिटेड विकिपीडिया पेज दिखाया गया, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप को जनवरी 2026 से वेनेजुएला का मौजूदा राष्ट्रपति बताया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ये पोस्ट इंटरनेट की दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई है। अमेरिका ने जनवरी की शुरुआत में वेनेजुएला की सरकार को गिराने के लिए बड़े पैमाने पर सैन्य हमले किए। इस ऑपरेशन में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और फर्स्ट लेडी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका तब तक वेनेजुएला की सरकार चलाएगा जब तक एक “सुरक्षित और उचित सत्ता हस्तांतरण” सुनिश्चित नहीं हो जाता। हालांकि, वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने निकोलस मादुरो की जगह उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर मादुरो के करीबी लोग अमेरिकी शर्तों का पालन नहीं करते, तो आगे भी सैन्य कार्रवाई की जाएगी। उनकी शर्तों में सबसे अहम है वेनेजुएला के तेल पर कंट्रोल। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका 50 मिलियन बैरल वेनेजुएला क्रूड ऑयल को रिफाइन और बेचने की योजना बना रहा है। अमेरिकी बलों ने वेनेजुएला से जुड़े कई ऑयल टैंकर भी जब्त कर लिये। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वेनेजुएला के लिए तीन-स्टेप प्लान तैयार है जिसमें पहला है मादुरो की गिरफ्तारी के बाद देश को स्थिर करना और रिकवरी फेज में अमेरिकी तेल कंपनियों को एक्सेस देना फिर सत्ता हस्तांतरण की निगरानी करना। रुबियो ने कहा, “हमारे पास अब ऐसा प्रोसेस है जिससे हम अंतरिम सरकार पर पूरा नियंत्रण और दबाव बनाए रख सकते हैं।” अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला पर हमला करके निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के बाद अपनी नजरे क्यूबा की ओर मोड़ ली है। ट्रंप ने क्यूबा से कहा है कि वो या तो अमेरिका के साथ जल्दी से डील करे या फिर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। अमेरिका ने इस कॉम्युनिस्ट देश को चेतावनी दी है कि उसके लिए अब वेनेजुएला से तेल और फंड आना बंद हो जाएगा।



