विश्व-लोक

ट्रम्प के दामाद व पुतिन ने यूक्रेन पर की लम्बी वार्ता

रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। अमेरिका की ओर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि जंग खत्म हो। अमेरिकी राष्ट्रपति कई मौकों पर 8 जंग रुकवाने के दावे करते रहे हैं लेकिन चुनाव के दौरान जो वादा किया था उसे अभी तक पूरा नहीं कर सके हैं। ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कई मौकों पर कहा था कि राष्ट्रपति बनने के बाद वो रूस और यूक्रेन की जंग रुकवा देंगे। अब ट्रंप को राष्ट्रपति बने एक साल बीत गया है लेकिन जंग नहीं रुकी है। इस बीच दावोस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बोर्ड ऑफ पीस की स्थापना का औपचारिक ऐलान किया है। यह बोर्ड मुख्य रूप से गाजा में स्थायी शांति और पुनर्निर्माण के लिए बनाया गया है। भले ही यह बोर्ड गाजा के लिए बना हो लेकिन इसका प्रभाव रूस और यूक्रेन जंग में पड़ना स्वाभाविक है। इस पूरी कवायद के बीच रूस की राजधानी मॉस्को में अमेरिका और रूस के बीच लंबी वार्ता हुई है।
अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिले हैं। रात भर चली इस बैठक का मुख्य मुद्दा यूक्रेन के साथ चार साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करना था। इस दौरान पुतिन ने साफ किया है कि कोई भी समझौता तभी संभव है, जब रूस के नियंत्रण वाले क्षेत्रों (जिनमें क्रीमिया और पूर्वी यूक्रेन के कुछ हिस्से शामिल हैं) को मान्यता दी जाए और यूक्रेन वहां से अपनी सेना हटा ले। यूक्रेन के लिए यह शर्त स्वीकार करना बेहद मुश्किल है। अमेरिका की ओर से किए जा रहे शांति प्रयासों के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की बार-बार दोहरा चुके हैं कि वो अपने किसी भी क्षेत्र को नहीं छोड़ेंगे। जेलेंस्की ने हाल ही में कहा था कि रूस के हमलों के जवाब में यूरोप या अमेरिका से पर्याप्त मदद नहीं मिल रही, और हालात ऐसे हैं कि उन्हें पुतिन की दया पर छोड़ दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button