जेल के बाहर धरने पर बैठीं इमरान की बहनों पर पानी की बौछार

पाकिस्तान में अडियाला जेल के बाहर धरने पर बैठी इमरान खान की बहनों पर पुलिस ने आधी रात वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है। बताया जाता है कि इमरान की बहन अलीमा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक धरने पर बैठे थे। तभी आधी रात करीब 2 बजे पुलिस पानी की बौछार करनी शुरू कर दी। कड़कड़ाती ठंड में लोग इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जाता है कि इमरान खान की बहन पाकिस्तान तहरीक- ए-इंसाफ (पीटीआई) समर्थकों के साथ इमरान से मुलाकात के लिए धरने पर बैठी थीं तभी पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए पानी की बौछार शुरू कर दी। इमरान खान साल 2023 से ही रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं और हर हफ्ते उन्हें उनकी बहनों से मिलने दिया जाता था लेकिन मई में आसिम मुनीर के फील्ड मार्शल बनने के बाद स्थिति बदली और इमरान खान से मुलाकात नहीं करने दी और इसी को लेकर समर्थक अडियाला जेल के बाहर धरने पर बैठे हैं।
पीटीआई नेताओं और इमरान की बहन अलीमा ने कहा कि उन्हें एक बार फिर से इमरान खान से मिलने से रोका जा रहा है। अदालत के आदेश के बाद भी सरकार इमरान खान से मिलने से रोक रही है। इमरान खान के परिवार का आरोप है कि जेल में पूर्व प्रधानमंत्री के साथ सही बर्ताव नहीं किया जा रहा है। इसके लिए इमरान के परिवार ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर को जिम्मेदार बताया है। उधर, जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर की नीतियों को देश के लिए ‘‘विनाशकारी’’ बताते हुए आरोप लगाया है कि वह (मुनीर) अफगानिस्तान के साथ जानबूझकर ‘‘तनाव बढ़ा’’ रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर इमरान (73) ने सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट’ में यह टिप्पणी की।



