ट्रम्प की हार का खामियाजा भुगतेंगे रक्षामंत्री हेगसेथ

अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की भद्द पिट गई है और संसद के दोनों सदनों पर विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी का कब्जा हो गया है। राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से लेकर पार्टी के आम कार्यकर्ता तक बोल रहे हैं कि ईरान जंग ने चुनाव में यह हालत करवाई है। अब ऐसा लग रहा है कि पार्टी को चुनावों में जो हार मिली है, उसका ठीकरा रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर फोड़ा जा सकता है। यह तब हो रहा है जब डोनाल्ड ट्रंप ने अपने रक्षा मंत्री का खुलकर समर्थन किया है, यहां तक कि उन्हें युद्ध का चैंपियन तक बता दिया है।
पेंटागन के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ने सीएनएन को बताया है कि ईरान जंग मुख्य रूप से डिपार्टमेंट ऑफ वॉर के नेतृत्व वाला प्रयास रहा है, क्योंकि आपने विदेश नीति के एक मामले को सुलझाने के लिए सैन्य कार्रवाई करने का विकल्प चुना। व्हाइट हाउस के करीबी एक रिपब्लिकन ने एक इंटरव्यू में कहा, अगर राष्ट्रपति चाहते हैं कि कोई इसकी जिम्मेदारी ले, तो वह पीट हेगसेथ हैं। शुरुआत से ही, टाइमलाइन, लक्ष्यों और उद्देश्यों को लेकर पीट हेगसेथ या तो बेईमान रहे हैं या फिर उन्होंने गलत जानकारी दी है। इनमें से कोई भी बात स्वीकार्य नहीं है। नतीजे आने के बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने खुलकर सवाल उठाया कि क्या ईरान से जंग का फैसला सही था। उन्होंने कहा कि इसी वजह से रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस (संसद) पर से नियंत्रण खत्म हो गया। केंटकी से रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने हेगसेथ के खिलाफ पहले ही महाभियोग के आठ आरोप दायर कर दिए हैं, और वे जल्द ही हाउस में महाभियोग पर वोटिंग कराने की योजना बना रहे हैं।
वैसे ट्रंप ने बार-बार हेगसेथ का बचाव किया है और पत्रकारों से बात करते हुए जब उनसे पूछा गया कि क्या वे हेगसेथ को हटाने के बारे में सोच रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि नहीं, मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। वहीं पेंटागन की प्रेस सचिव किंग्सले विल्सन ने यूएसए टुडे को दिए एक बयान में कहा- पूरा विभाग सचिव के नजरिए के साथ एकजुट है और हमारे जवानों और अमेरिका को पहले रखने के लिए काम करता रहेगा। (हिफी)



