विश्व-लोक

तिब्बत की तरफ से आई बाढ़ में डूब गया नेपाल

तिब्बत की ओर से अचानक आई भीषण बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले के टिमुरे बाजार क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। लेन्दे खोला (भोटेकोशी) में आई बाढ़ से रसुवा सीमा नाके पर बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, टिमुरे सहित आसपास के दो बाजार बाढ़ से पूरी तरह तहस-नहस हो गए हैं। इस तबाही के मंजर में 1000 लोगों के बहने की आशंका है। हालांकि, अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुए भारी तबाही के बीच राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन की आपात बैठक बुलाई। उनके सलाहकार असीम शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री शाह सीधे ही प्रभावित क्षेत्रों के प्रमुख जिलाधिकारियों से संपर्क में थे और हर पल की मॉनिटरिंग कर रहे थे।
तिब्बत की ओर से आई बाढ़ से नेपाल पुलिस के तीन कार्यालयों को भी भारी क्षति पहुंची है। पुलिस प्रधान कार्यालय के अनुसार रसुवा जिले में इलाका प्रहरी कार्यालय टिमुरे, प्रहरी चैकी स्याफ्रुबेसी और प्रहरी चैकी रसुवागढ़ी प्रभावित हुए हैं। इस बीच, नुवाकोट में भी बाढ़ पहुंच गई। जिला प्रशासन कार्यालय नुवाकोट के सूचना अधिकारी रूपेश प्रसाद नेपाल ने इसकी पुष्टि की है। रसुवा में बाढ़ और संभावित जोखिम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने काठमांडू से रसुवा, नुवाकोट, चितवन और धादिङ जाने वाले वाहनों को काठमांडू में ही रोक दिया गया। काठमांडू उपत्यका ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के एसपी नरेशराज सुवेदी के अनुसार, बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इन जिलों की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाली सेना के दो हेलीकॉप्टर रसुवा के लिए रवाना हुए। नेपाली सेना के प्रवक्ता एवं ब्रिगेडियर जनरल राजाराम बस्नेत ने बताया कि दोनों हेलीकॉप्टर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की ओर भेजे गए थे। भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ आने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने सभी हेलीकॉप्टर कंपनियों को भी तैयार अवस्था में रहने का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के सचिवालय के अनुसार, सभी हेलीकॉप्टर कंपनियों को आवश्यक होने पर तत्काल परिचालन के लिए तैयार रहने को कहा गया।
भोटेकोशी नदी में बाढ़ के कारण रसुवा, नुवाकोट, धादिङ, गोरखा और चितवन से होकर बहने वाली नदियों के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने रसुवा में भोटेकोशी नदी में तिब्बत की ओर से बड़ी बाढ़ आने के बाद नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। गृह मंत्री की ओर से जारी अत्यावश्यक सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के तटीय क्षेत्र मुग्लिन तक उच्च सतर्कता और उच्च जोखिम में हैं। इसलिए रसुवा, धादिङ, गोरखा, चितवन और नुवाकोट जिलों के नदी किनारे रहने वाले परिवारों से अगले आदेश तक सुरक्षित स्थानों पर रहने का अनुरोध किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button