
पेंटागन की भूमिका को लेकर जेडी वेंस चिंतित
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को इस बात की चिंता है कि पेंटागन शायद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान जंग के बारे में सही जानकारी नहीं दे रहा है। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन, इस संघर्ष में अमेरिकी सेना के प्रदर्शन की खूब तारीफ कर रहे हैं। बार-बार यह कहा गया है कि उन्होंने ईरान की वायुसेना, नौसेना और रक्षा बुनियादी ढांचे को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है और अमेरिका के पास हथियारों का पर्याप्त भंडार है। हेगसेथ और जनरल डैन के बयानों से इतर द अटलांटिक की रिपोर्ट के अनुसार, बंद दरवाजों के पीछे हुई बैठकों में वेंस ने इन दावों की सच्चाई पर बार-बार सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि क्या ट्रंप के सामने जंग की जो सुनहरी तस्वीर पेश की जा रही है वह सचमुच हकीकत है? और क्या पेंटागन ने अमेरिकी मिसाइल भंडारों में आई भारी कमी को कम करके दिखाया है?
प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि उपराष्ट्रपति ने जंग के बारे में पेंटागन की ओर से दी गई जानकारी की सटीकता पर सवाल उठाए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के साथ चर्चाओं में उन्होंने कुछ मिसाइल प्रणालियों की उपलब्धता को लेकर भी चिंता जाहिर की है। उन्हें डर है कि गोला-बारूद के भंडारों में कमी का असर भविष्य में चीन, उत्तर कोरिया या रूस के साथ होने वाले संभावित टकरावों पर पड़ सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वेंस ने अपनी चिंताओं को अपने निजी विचार के तौर पर पेश किया है ना कि हेगसेथ या केन पर राष्ट्रपति को गुमराह करने का आरोप लगाया है। यहां तक कि अपने सार्वजनिक बयानों में भी वेंस ने पेंटागन प्रमुख की तारीफ की है लेकिन, निजी तौर पर, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने द अटलांटिक को बताया कि वेंस हमारी रणनीतिक योजना के बारे में बहुत सारे गहरे और तीखे सवाल पूछते हैं।



