राष्ट्रीय छवि पर आघात

नई दिल्ली के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र भारत मंडपम में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन उस समय विवादों में आ गया, जब भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के भीतर अर्धनग्न प्रदर्शन किया। यह सम्मेलन भारत की कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षेत्र में बढ़ती वैश्विक भूमिका को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। दुनिया भर से तकनीकी विशेषज्ञ, वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधि और नीति-निर्माता इसमें शामिल हुए थे। ऐसे अवसर पर हुआ यह विरोध प्रदर्शन राजनीतिक बहस से आगे बढ़कर राष्ट्रीय गरिमा का प्रश्न बन गया। घटना के बाद देश की बौद्धिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि से जुड़े 277 प्रतिष्ठित व्यक्तियों जिनमें सेवानिवृत्त न्यायाधीश, पूर्व राज्यपाल, पूर्व पुलिस महानिदेशक, वरिष्ठ नौकरशाह और राजनयिक शामिल बताए गए।
संयुक्त रूप से एक खुला पत्र जारी कर इस कृत्य की कड़ी निंदा की। पत्र में इसे “पूर्वनियोजित अराजकता” और “राष्ट्रीय सम्मान पर हमला” बताया गया। हस्ताक्षरकर्ताओं का कहना था कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सुरक्षित है, लेकिन उसकी अभिव्यक्ति का स्थान और तरीका भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है।विशेष बात यह रही कि इस मुद्दे पर केवल सत्तापक्ष ही नहीं, बल्कि विपक्षी खेमे के कुछ सहयोगी दलों ने भी असहमति जताई। समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल, जो कांग्रेस के साथ व्यापक विपक्षी गठबंधन का हिस्सा माने जाते हैं, ने भी इस प्रकार के प्रदर्शन को अनुचित बताया। इन दलों के नेताओं ने संकेत दिया कि राजनीतिक विरोध का स्वर लोकतांत्रिक और गरिमापूर्ण होना चाहिए, खासकर तब जब मामला अंतरराष्ट्रीय मंच से जुड़ा हो। इससे यह स्पष्ट हुआ कि इस घटना को लेकर विपक्ष के भीतर भी एकमत समर्थन नहीं था।
एआई शिखर सम्मेलन जैसे आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि वे देश की छवि, निवेश संभावनाओं और तकनीकी नेतृत्व के दावे का प्रतीक होते हैं। भारत स्वयं को एआई के क्षेत्र में वैश्विक साझेदार और भविष्य के अग्रणी राष्ट्र के रूप में प्रस्तुत कर रहा है। ऐसे समय में सम्मेलन के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देकर किया गया प्रदर्शन कई लोगों के लिए चिंता का विषय बना। आलोचकों का मानना है कि इससे यह संदेश गया कि राजनीतिक असहमति को व्यक्त करने के लिए किसी भी मंच का उपयोग किया जा सकता है, भले ही वह देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा से जुड़ा हो। खुले पत्र में यह भी कहा गया कि यदि किसी नीति या सरकार से असहमति है, तो उसके लिए संसद, प्रेस वार्ता, शांतिपूर्ण धरना या न्यायिक प्रक्रिया जैसे संवैधानिक माध्यम उपलब्ध हैं। अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की उपस्थिति में इस प्रकार का दृश्य प्रस्तुत करना देश की छवि को प्रभावित कर सकता है और विदेशी निवेशकों व साझेदारों के बीच नकारात्मक संकेत भेज सकता है। यह घटना केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादा और राष्ट्रीय हितों के संतुलन की परीक्षा बन गई है। जब विपक्षी सहयोगी दल भी इस कदम से दूरी बनाते दिखे, तो यह बहस और गहरी हो गई कि राजनीतिक असहमति की अभिव्यक्ति की भी एक सीमा और जिम्मेदारी होती है। आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि राजनीतिक दल अपने विरोध के तरीकों पर किस प्रकार पुनर्विचार करते हैं, ताकि लोकतंत्र की आवाज भी बनी रहे और देश की गरिमा भी अक्षुण्ण रहे।(वीपी राहुल-हिफी फीचर)



