प्रेरणा का आधार बनी योगी की पाती

राजनीति में कुछ बातें निर्विवाद रूप से अच्छी होती हैं और समाज का कुछ न कुछ तो हित करती ही हैं। आमतौर पर कुर्सी पाने और कुर्सी पा गये हैं तो उसे बचाकर रखने की बातें ही राजनेता करते हैं। कभी-कभी तो शालीनता को भी छोड़कर इस तरह के आरोप लगाये जाते हैं जिससे उन्हंे अपना जनप्रतिनिधि कहते हुए भी शर्म आती है। इसके बावजूद कुछ बातें प्रभावित करती हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कोई न कोई संदेश देती है और दलगत विचारधारा से परे होती है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रति सप्ताह पाती लिखना शुरू किया। इस पाती की 50वीं कड़ी पर यूपी मंे भव्य कार्यक्रम भी हुआ। योगी की सभी पातियों का उल्लेख करना यहां संभव नहीं है लेकिन 17 अगस्त को इसी वर्ष युवा भारत की युवा शक्ति को प्रेरणा देने वाली पाती का हम यहां विशेष रूप से उल्लेख करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में लिखा कि प्रदेश की जनता से पत्रों के माध्यम से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, इसका पता ही नहीं चला। उन्होंने बताया कि कई लोगों के मन में यह सवाल उठता होगा कि आखिर मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं? इसका जवाब उनके वनटांगिया गांव के पहले दौरे से जुड़ा है।
सीएम योगी ने कहा कि बहुत सारे ऐसे पहलू हैं जो पहले लोगों के दिमाग में नहीं होते थे, उन्होंने कहा कि आप में से बहुत सारे ऐसे लोग होंगे जिन्होंने वनटांगिया का नाम पहली बार सुना होगा लेकिन, वे हमारे ही बीच से जुडे हुए लोग थे। लगभग 120 साल पहले जब रेलवे लाइन बिछाने के लिए व्यापक तौर पर वनों की कटाई की थी, वहां पर फिर से वन लगाने के लिए जिन लोगों को वहां बसाया गया था कि आप वन लगाएंगें और उनकी रक्षा करेंगे, इन लोगों को कहा गया था कि उन्हें कुछ जमीन देकर भरण-पोषण होगा। लेकिन जैसे-जैसे पेड़ ऊपर होते गए, वैसे-वैसे वो सभी नागरिक उपेक्षित होते गए। पहले ब्रिटिश हुकूमत ने उनकी उपेक्षा की। फिर संघर्षों का दौर प्रारंभ हुआ। 1947 में देश आजाद हुए लेकिन वो उसी प्रकार खानाबदोश की तरह रहते रहे। सीएम योगी ने कहा कि जब कोई एक समाज उपेक्षित होता है तो उनके बीच में विकृतियां आनी शुरू होती है जिससे शेष समाज दूरी बनाता है। वन विभाग और पुलिस के लोगों ने वहां जाकर उनका शोषण शुरू कर दिया। सीएम योगी ने कहा जब मैं तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी से मिला, तो कहा कि हमें वन अधिनियम में संशोधन करना पडे़गा तो उन्होंने कहा कि इसका प्रमाण देना होगा।
उन्होंने पूछा कि क्या गारंटी है कि ये लोग इतने पुराने हैं? नेचुरल फोरेस्ट और अर्टीफिशियल फोरेस्ट में फर्क होता है। हर पेड की लाइफ होती है और फोरेस्ट के जो विशेषज्ञ होंगे वो बेहतर बताएंगे और यहीं से बात आगे बढ़ी। अगर इन पेड़ों की उम्र 75-100 वर्ष की है तो मानकर चलिए के इनके पूर्वजों ने लगाए। इस प्रकार योगी ने 2007-2008 में संशोधन करवा लिया। योगी कहते हैं कि 2017 में जब मैं मुख्यमंत्री बना तो सबसे पहले वनटांगिया को उनका अधिकार दिया। ये हजारों परिवार तमाम सुविधाओं से वंचित थे लेकिन उन्हें अधिकार दिया गया। नागरिकता दी गई और योगी की पाती में मैंने इसी का जिक्र किया है और यहीं से मुझे आगे भी ऐसे काम करने की प्रेरणा मिली।
सीएम योगी ने कहा कि जब मैं पहली बार सांसद बना और बीआरडी मेडिकल कॉलेज गया तो पहले मुझे इंट्री नहीं मिली थी। एक फोन आया था कि यहां काफी बच्चे बीमार हैं। मैं जब वार्ड के भ्रमण के लिए गया, थर्ड फ्लोर पर बच्चों का वार्ड था। जुलाई महीने में भी ना पंखा था, ना बिजली थी, एक-एक बेड पर पांच-पांच बच्चे थे और एक-एक बच्चे के साथ 4-4, 5-5 परिवार के सदस्य थे। जिस वार्ड में 100 पेशेंट के रहने की क्षमता हो वहां, 1000 से 1200 मरीज थे, सोचिए क्या हालत थी। वार्ड की हालत बहुत खराब थी। फिर हमने बेड, एसी और पंखे का इंतजाम किया। देवीपाटन मंडल में इस बीमारी से मरने वाले बच्चों के लिए कहा जाता था कि ये एक अज्ञात बीमारी है। जब मैं मुख्यमंत्री बना तो हमारी सरकार ने इस पर काम किया और आज मैं कह सकता हूं कि इंसेफेलाइटिस पूरी तरह से खत्म हो चुका है।
इसी वर्ष अगस्त में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखी है। सीएम योगी ने अपनी पाती में हर घर तिरंगा यात्रा का जिक्र किया है। साथ ही युवा साथियों से कहा कि आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का महती दायित्व आपके कंधों पर है। आपकी ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन एवं संकल्प से ही विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य साकार होगा। यही युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है सीएम योगी ने पाती में आगे लिखा, मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के महायज्ञ की आज पूर्णाहुति हो रही है। हर घर तिरंगा महा-अभियान में उत्साह एवं उमंग के साथ सहभागी बने आप सभी प्रदेशवासियों को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रदेश का नवसामथ्र्य जब विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों के रूप में झलकता है, तो मन हर्षित हो उठता है।
सीएम योगी ने लिखा, जब संकल्प का कोई विकल्प नहीं रह जाता, तभी असंभव लक्ष्य भी सिद्ध हो पाते हैं। स्वतंत्रता दिवस हमें सदैव उन वीरों के ऐसे ही संकल्पों का स्मरण कराता है, जो देश के लिए हंसते-हंसते शहीद हो गए। बाबू बंधू सिंह, खुदीराम बोस, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह एवं पंडित राम प्रसाद बिस्मिल जैसे मां भारती के अनेक वीर सपूतों ने युवावस्था में ही अपना सर्वस्व राष्ट्र को समर्पित कर दिया। सीएम योगी ने कहा, किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का एक स्वर्णिम दौर है। तरुणाई अंगड़ाई लेती है और सपने आकार लेते हैं। व्यक्तित्व का निर्माण होता है तथा कुछ कर गुजरने की लालसा बलवती होती है। यही समय तय करता है कि हमारी ऊर्जा और सामथ्र्य केवल हमारे अपने भविष्य को आकार देंगे या समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी नई दिशा देंगे। उम्र छोटी हो सकती है, संकल्प और सामर्थ्य बड़ा होना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा, हमारा गौरवशाली इतिहास ऐसे अनेक दृष्टांतों से परिपूर्ण है, जब भारतीय विभूतियों ने उम्र की सीमाओं से परे जाकर देश और दुनिया को मार्ग दिखाया। आदि शंकराचार्य ने अल्पायु में ही भारत की आध्यात्मिक चेतना को एक सूत्र में पिरो दिया। स्वामी विवेकानंद ने युवावस्था में ही भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश विश्व मंच तक पहुंचाया। इनका जीवन सिखाता है कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन संकल्प और सामर्थ्य बड़ा होना चाहिए।
सीएम योगी ने पाती में लिखा, जब में 26 साल की अवस्था में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुआ और सार्वजनिक जीवन का व्रत लिया, तब से अब तक मेरे सामने भी राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के यहीं आदर्श सर्वोपरि रहे हैं। आज प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर प्रदान कर रही है। विगत साढ़े 9 सालों में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। आवश्यकता है कि किशोर एवं युवा इन अवसरों का लाभ उठाएं।
सीएम योगी ने कहा, अपने संकल्प को राष्ट्रनिर्माण के वृहद लक्ष्य से जोड़ें और उसे सुदृढ़ करने के लिए नियमित योग एवं व्यायाम को जीवन का अंग बनाएं। तिरंगे के मूल्यों- शौर्य, शांति और समृद्धि को अपने जीवन में उतारें। जाति-पाति से ऊपर उठकर एकता एवं समरसता का मार्ग चुनें।
इसी प्रकार विभिन्न विषयों पर योगी आदित्यनाथ ने पाती लिखकर जनमानस को प्रेरणा दी है।अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)



