
सुन्दर पक्षी हंस के बारे में कहा जाता है कि वह मानसरोवर से मोती चुगता (खाता) है। इसी प्रकार रामचरित मानस रूपी सरोवर में जो मोती बिखरे हैं उनको व्यक्ति का ज्ञान और वैराग्य ही चुन सकता है। रामकथा वैसे तो सभी के लिए सुख देने वाली है लेकिन इसमें जो गूढ़ बातें बतायी गयी हैं, अध्यात्मक तत्व समाया हुआ है, उसे ज्ञानी और बैरागी ही प्राप्त कर सकते हैं-
सुकृत पुंज मंजुल अलिमाला, ग्यान, विराग विचार मराला।
धुनि अवरेब कवित गुन जाती, मीन मनोहर ते बहु भांती।
इस रामचरित मानस रूपी सरोवर में सत्कर्मों (पुण्यों) के पुंज (समूह) भौरों की सुन्दर पंक्तियां है। ज्ञान, बैराग और विचार हंस हैं। कविता की ध्वनि, वक्रोक्ति, गुण और जाति ही अनेक प्रकार की मछलियां हैं।
अरथ धरम कामादिक चारी, कहब ग्यान विज्ञान विचारी।
नव रस जपतप जोग बिरागा, ते सब जलचर चारू तड़ागा।
सुकृती साधु नाम गुन गाना, ते विचित्र जल बिहग समाना।
संत सभा चहुं दिसि अंवराई, श्रद्धा रितु बसंत सम गाई।
भगति निरूपन विविध विधाना, छमा, दया, दम लता बिताना।
औरउ कथा अनेक प्रसंगा, तेइ सुक पिक बहुबरन बिहंगा।
इसी प्रकार धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष नाम से जो पुरुषार्थ माने जाते हैं, उनको और ज्ञान-विज्ञान को विचार कर यह कथा बनायी गयी है। कविता के नौरस माने जाते हैं- मधुर, हास्य, करुण, वीर, वीभत्स, श्रंगार, वियोग और शांत- इनके साथ ही जप, तप, योग और वैराग्य के प्रसंग- ये सब इस सरोवर के सुंदर जीव हैं। सुकृति जनों अर्थात् पुण्य करने वालों के, साधुओं के और श्रीराम नाम के गुणों का गान ही विचित्र जल पक्षियों के समान है। संतों की सभा ही इस सरोवर के चारों ओर की अमराई अर्थात् आम की बगिया हैं और कथा के प्रति श्रद्धा बसंत ऋतु के समान कही गयी है। इस कथा रूपी सरोवर में नाना प्रकार से भक्ति का निरूपण और क्षमा, दया तथा दम (इन्द्रियों को वश में रखना) लताओं के मण्डप हैं। मन का निग्रह, यम (अहिंसा सत्य, अस्तेय ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह) नियम (शौच, संतोष, तप, स्वाध्याय और ईश्वर प्रविधान) ही उनके फूल हैं, ज्ञान फल है और श्री हरि के चरणों में प्रेम ही इस ज्ञान रूपी फल का रस है। ऐसा वेदों में कहा गया है। इस रामचरित मानस में और भी अनेक प्रसंगों की कथाएं हैं, वे ही इसमें तोते, कोयल आदि रंग-बिरंगे पक्षी हैं।
पुलक बाटिका बाग बन सुख सुबिहंग बिहारू।
माली सुमन सनेह जल सींचत लोचन चारू।
अर्थात् कथा में जो रोमांच होता है, वही वाटिका, बाग और वन हैं और जो सुख होता है, वही सुन्दर पक्षियों का बिहार है। निर्मल मन ही माली है जो प्रेम रूपी जल से सुन्दर नेत्रों द्वारा उनको सींचता है।
जे गावहिं यह चरित संभारे, तेइ एहिताल चतुर रखवारे।
सदा सुनहिं सादर नर-नारी, तेइ सुरवर मानस अधिकारी।
अतिखल जे बिषई बग कागा, एहि सर निकट न जाहिं अभागा।
संबुक भेक सेवार समाना, इहां न विषय कथा रस नाना।
तेहि कारन आवत हिय हारे, कामी काक बलाक विचारे।
आवत एहिं सर अति कठिनाई, राम कृपा बिनु आइ न जाई।
जो लोग इस चरित्र को सावधानी से गाते हैं, वे ही इस तालाब के चतुर रखवाले हैं और जो स्त्री-पुरुष सदा आदर पूर्वक इसे सुनते हैं, वे ही इस सुन्दर मानस के अधिकारी उत्तम देवता हैं। रामचरित सरोवर के निकट जो अति दुष्ट और विषय-वासना से ग्रस्त हैं, वे अभागे बगुले और कौवे के समान हैं और इस मानस में घोंघे, मेढक और सेवार के समान विषय रस की कथाएं नहीं है, इसलिए वे इस सरोवर के समीप नहीं जाते। बेचारे कौवे और बगुले रूपी विषयी लोग यहां आते हुए हृदय में हार मान जाते हैं क्योंकि इस सरोवर तक आने में कठिनाइयां बहुत हैं, श्री रामजी की कृपा के बिना यहां नहीं आया जाता। यह कठिन रास्ता क्या है-
कठिन कुसंग कुपंथ कराला, तिन्ह के बचन बाध हरि ब्याला।
गृह कारज नाना जंजाला, ते अति दुर्गम सैल बिसाला।
वन बहु विषम मोह मद माना, नदीं कुतर्क भयंकर नाना।
जे श्रद्धा संवल रहित, नहिं संतन कर साथ।
तिन्ह कहुं मानस अगम अति, जिन्हहि न प्रिय रघुनाथ।
गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं कि घोर कुसंग ही भयानक बुरा रास्ता है उन कुसंगियों के वचन ही बाघ, शेर और सांप हैं। घर के काम-काज और गृहस्थी के भांति-भांति के जंजाल ही अत्यंत दुर्गम बड़े-बड़े पहाड़ हैं। मोह, मद और मान ही बीहड़ वन हैं और नाना प्रकार के कुतर्क ही भयानक नदियां हैं। रामचरित मानस में जो कथा कही गयी है, उसको लेकर लोग कहते हैं कि ऐसा कैसे हो सकता है? इस प्रकार के कुतर्क रूपी नदी में जब कोई
फंस जाता है तो कैसे बाहर निकल सकता है। इसके साथ ही जिनके पास, श्रद्धारूपी राह खर्च नहीं हैं और संतों का साथ भी नहीं है और जिनको रघुनाथ जी प्रिय भी नहीं हैं, उनके लिए यह रामचरित मानस अत्यन्त ही अगम है अर्थात् श्रद्धा, सत्संग और भगवत प्रेम के बिना कोई भी इस सरोवर तक नहीं पहुंच सकता।
जौं करि कष्ट जाइ पुनि कोई, जातहिं नींद जुड़ाई होई।
जड़ता जाड़ विषम उर लागा, गएहुं न मज्जन पाव अभागा।
यदि कोई मनुष्य कष्ट उठाकर उस सरोवर तक पहुंच भी जाए तो वहां जाते ही उसे नींद रूपी जूड़ी आ जाती है। हृदय में मूर्खता रूपी बड़ा कड़ा जाड़ा लगता है जिससे वहा ंजाकर भी वह अभागा स्नान नहीं कर पाता।
करि न जाइ सर मज्जन पाना, फिरि आवइ समेत अभिमाना।
जौं बहोरि कोउ पूछन आवा, सर निंदा करि ताहि बुझावा।
गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि उस अभागे से रामचरित रूपी सरोवर में स्नान और जलपान तो किया नहीं जाता, वह अभिमान के साथ लौट आता है, फिर यदि कोई उससे वहां का हाल पूछने आता है तो वह अपने अभाग्य की बात न बताकर सरोवर की निंदा करके उसे समझाता है कि सब बेकार है।
सकल विघ्न व्यापहिं नहीं तेही, राम सुकृपा बिलोकहिं जेही।
सोइ सादर सर मज्जनु करई, महाघोर त्रयताप न जरई।
तेनर यह सर तजहिं न काऊ, जिन्ह कें राम चरन भलभाऊ।
जो नहाइ चह एहिं सर भाई, सो सतसंग करउ मन लाई।
लेकिन इस सरोवर तक पहुंचने में उस व्यक्ति को कोई बाधा नहीं मिलती जिसे श्री रामचन्द्र जी सुन्दर कृपा की दृष्टि से देखते हैं। वही, आदरपूर्वक इस सरोवर में स्नान करता है और महान भयानक त्रयताप (आध्यात्मिक, आधि दैविक और आधि भौतिक-दैहिक, दैविक, भौतिक तापा, रामराज काहूं
नहिं ब्यापा) की जलन सरोवर में स्नान कर दूर करता है। इसलिए जिनके मन में श्री रामचन्द्र जी के चरणों में सुंदर प्रेम है, वे इस सरोवर को कभी नहीं छोड़ते हे भाई! जो इस सरोवर में स्नान करना चाहें, वे मन लगाकर सत्संग करें। -क्रमशः
(अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)



