अध्यात्म

यह सुभ संभु उमा संवादा… 31

जप व यज्ञ के समान है भरत का चरित्र

महाराज दशरथ के मंझले पुत्र और श्रीराम के भ्राता भरत का चरित्र जप और यज्ञ के समान ही फल देने वाला है। भरत श्रीराम के ही अनुरूप थे और उन्होंने राजा बनने के बाद भी राजगद्दी को ठुकरा दिया था। चित्रकूट में राजतिलक की सामग्री लेकर गये लेकिन श्रीराम ने जब कहा कि हम दोनों को पिता के वचन का धर्म निर्वाह करना चाहिए, तब उन्होंने ज्येष्ठ भ्राता राम की चरण पादुका राज सिंहासन पर रखकर, पर्णकुटी में रहकर ही राजकाज संभाला। आज के जीवन में इस तरह के भ्राता तो दूर, इंसान ढूंढ़े नहीं मिलेंगे। इसलिए गोस्वामी तुलसीदास ने कहा कि जो लोग भरत जी को स्मरण करते हुए जीवन निर्वाह करेंगे, उन्होंने समझिए प्रभु के नाम का जाप और सभी ऋणों से मुक्त करने व पर्यावरण को शुद्ध करने वाले सभी यज्ञ सम्पूर्ण कर लिये हैं।
समन अमित उतपात सब भरत चरित जप जाग।
कलि अघ खल अवगुन कथन, ते जलमल बग काग।
कीरति सरित छहूँ रितु रूरी, समय सुहावनि पावन भूरी।
हिम हिमसैल सुता सिव व्याहू, सिसिर सुखद प्रभुजनम उछाहू।
अर्थात् सम्पूर्ण अनगिनत उत्पातों को शांत करने वाला भरत जी का चरित्र राम कथा रूपी सरिता के तट पर किया जाने वाला जप और यज्ञ है। कलियुग के पापों और दुष्टों के अवगुणों का जो वर्णन इस कथा में किया गया है वे ही इस नदी के जल का कीचड़ और बगुले-कौये की तरह गंदगी करने वाले हैं। यह कीर्ति रूपिणी नदी सभी छहों ऋतुओं में सुन्दर है। सभी समय यह परम सुहावनी और अत्यन्त पवित्र है। इसमें शिव-पार्वती के विवाह का जो प्रसंग है, वह हेमंत ऋतु की तरह है। श्रीराम जी के जन्म का उत्सव सुखदाई शिशिर
ऋतु है।
बरनब राम विवाह समाजू, सो मुद्र मंगलमय रितुराजू।
ग्रीषम दुसह राम बन गबनू, पंथकथा खर आतप पवनू।
श्री रामचन्द्र जी के विवाह-समाज का वर्णन ही आनंद-मंगलमय ऋतुराज बसंत है। रामचन्द्र जी का वनगमन असहनीय ग्रीष्म ऋतु और मार्ग की कथा कड़ी धूप है।
बरषा घोर निसाचर रारी, सुरकुल सालि सुमंगलकारी।
रामराज सुख विनय बडाई, विषद सुखद सोइ सरद सुहाई।
श्रीराम ने राक्षसों के साथ जो घोर युद्ध किया था, वही वर्षा ऋतु है जो देवताओं के स्वरूप धान (फसल) के लिए सुन्दर कल्याणकारी होती है। रामचन्द्र जी के राज्यकाल जो सुख, विनम्रता और बड़ाई है, वही निर्मल सुख देने वाली सुहावनी शरद ऋतु है।
सती सिरोमणि सिय गुनगाथा, सोइ गुन अमल अनूपम पाथा।
भरत सुभाउ सुसीतलताई, सदा एक रस बरनि न जाई।
सती शिरोमणि श्री सीता जी की जो कथा है, वही इस जल का
निर्मल और अनुपम जल है। श्री भरत जी का स्वभाव इस नदी की सुन्दर शीतलता है, जो सदा एक सी रहती है और जिसका वर्णन नहीं किया जा सकता।
दो अवलोकनि बोलनि मिलनि प्रीति परसपर हास।
भायप भलि चहुं बंधु की जल माधुरी सुबास।
चारों भाइयों (राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न) का परस्पर देखना, बोलना मिलना, एक दूसरे से प्रेम करना, हंसना और सुन्दर भाईपन इस जल की मधुरता और सुगंध है।
आरति विनय दीनता मोरी, लघुता ललित सुबारि न थोरी।
अद्भुत सलिल सुनत गुनकारी, आस पिआस मनोमल हारी।
राम सुप्रेमहि पोषत पानी, हरत सकल कलि कलुष गलानी।
भव श्रम सोषक तोषक तोषा, समन दुरित दुख दारिद दोषा।
गोस्वामी तुलसीदास ने इस कथा को कहने से पहले जो आर्तभाव अर्थात् व्याकुलता, विनय और दीनता दिखाई है, वह इस सुन्दर और निर्मल जल का कम हल्कापन नहीं है (अर्थात् जल बहुत हल्का है और पीने में स्वादिष्ट भी है। यह जल बहुत ही अनोखा है, जो सुनने से ही अपना गुण दिखाता है और आशारूपी प्यास को और मन के मैल को दूर कर देता है। यह जल श्री रामचन्द्र जी के सुन्दर प्रेम को पुष्ट करता है। कलियुग के समस्त पापों और उनसे होने वाली ग्लानि को हर लेता है। संसार में जो जन्म-मृत्यु का श्रम है, उसे सोख लेता है। संतोष को भी संतुष्ट करता है और पाप, ताप और दरिद्रता व दोषों को नष्ट कर देता है।
काम कोह मद मोह नसावन, बिमल बिबेक बिराग बढ़ावन।
सादर मज्जन पान किए ते, मिटहिं पाप परिताप हिए तें।
यह जल काम, क्रोध, मद और मोह का नाश करने वाला और निर्मल ज्ञान और वैराग्य को बढ़ाने वाला है। इसमें आदरपूर्वक स्नान करने से और इसे पीने से हृदय में रहने वाले सब पाप-ताप मिट जाते हैं।
जिन्ह एहि बारिन मानस
धोए, ते कायर कलिकाल बिगोए।
तृषित निरखि रबिकर भव बारी, फिरिहहिं मृग जिमि जीव दुखारी।
मति अनुहारि सुबारि गुन गन गनि मन अन्हवाइ।
सुमिरि भवानी संकरहि कह कवि कथा सुहाइ।
अब रघुपति पद पंकरूह हियँ धरि पाइ प्रसाद।
कहउं जुगल मुनि बर्य कर मिलन सुभग संवाद।
इसलिए जिन्होंने इस राम सुयश रूपी जल से अपने हृदय को नहीं धोया है, वे कायर कलिकाल के द्वारा ठगे गये लोग हैं, ठीक उसी तरह से जैसे प्यासा हिरण सूर्य की किरणों के रेत पर पड़ने से उत्पन्न हुई चमक को ही जल समझ बैठता है (मृग मरीचिका) और उसे ही वास्तविक जल समझ कर पीने को दौड़ता है और जल न पाकर दुखी होता है, वैसे ही ये कलियुग से ठगे हुए जीव भी विषय, वासना के पीछे भटक कर दुखी होते हैं। अपनी बुद्धि के अनुसार इस सुंदर जल के गुणों को विचार कर, उसमें अपने मन को स्नान कराकर और श्री भवानी शंकर को स्मरण करके कवि तुलसीदास सुन्दर कथा कहते हैं। गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि मैं अब भगवान श्री रघुनाथ जी के चरण कमलों को हृदय में धारण करके और उनका प्रसाद पाकर दोनों श्रेष्ठ मुनियों महामुनि भारद्वाज और महामुनि याज्ञवल्क्य के मिलन के सुन्दर संवाद का वर्णन करता हूं। ऋषि भारद्वाज ने महान तपस्वी यज्ञवल्क्य से श्रीराम की कथा सुनाने को जिस प्रकार से
अनुरोध किया और यज्ञवल्क्य जी
ने कथा सुनाई, यह आगे बताया
जाएगा। -क्रमशः (अशोक शांतिप्रिय-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button