अमेरिका झुका, जाह्नवी कंदुला के परिजनों को 2.62 अरब का मुआवजा

अमेरिका के सिएटल शहर ने 2023 में एक पुलिस अधिकारी की तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से जान गंवाने वाली भारत की 23 साल की छात्रा जाह्नवी कंदुला के परिवार के साथ 2.9 करोड़ डॉलर (2.62 अरब रुपये) के समझौते पर सहमति दी है। कंदुला को अधिकारी केविन डेव की गाड़ी ने उस वक्त टक्कर मारी थी जब वह ड्रग्स से जुड़ी एक कॉल के बाद 40 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमा वाले इलाके में 119 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रहे थे। उनकी गाड़ी की इमरजेंसी लाइट जल रही थी और चैराहों पर सायरन भी बज रहा था। सिटी अटॉर्नी एरिका इवांस ने 11 फरवरी को बयान में कहा, ‘जाह्नवी कंदुला की मौत बहुत दुखद है और शहर को उम्मीद है कि यह समझौता कंदुला परिवार को कुछ हद तक संतोष देगा। जाह्नवी कंदुला का जीवन बहुत अहम था। यह उनके परिवार, दोस्तों और हमारे समुदाय के लिए मायने रखता था।’ कंदुला सिएटल की नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी में सूचना प्रणाली में मास्टर डिग्री कर रही थीं। कंदुला के परिवार के वकीलों ने तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। दोनों पक्षों ने पिछले दिनों किंग काउंटी सुपीरियर कोर्ट में समझौते की जानकारी दी थी। स्थानीय वेबसाइट ‘पब्लिकॉला’ ने सबसे पहले इस समझौते की खबर दी थी। कंदुला की मौत के बाद बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे। लोगों का गुस्सा तब और बढ़ गया जब एक अधिकारी के बॉडी कैमरा की रिकॉर्डिंग सामने आई जिसमें वह हंसते हुए कंदुला के जीवन को ‘मामूली’ बताते और कहते सुनाई दिए कि शहर को ‘बस एक चेक लिख देना चाहिए।’ भारत के राजनयिकों ने भी मामले की जांच की मांग की थी।



