विश्व-लोक

कोमा में गयी अमेरिकी नर्स सारा के स्वास्थ्य में सुधार

अमेरिका के सैन एंटोनियो की 27 साल की नर्स सारा डैन, जो जापान में अपने हनीमून के दौरान अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गई थीं, अब धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हैं। जिंदगी के लिए जंग लड़ रही सारा की हालत में अब सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जिससे उनके परिवार को राहत मिली है। कई हफ्तों तक कोमा में रहने के बाद अब धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हो रहा है।उनके परिवार का कहना है कि वह भावनाएं व्यक्त कर रही हैं और यहां तक कि उन्होंने मदद से अपने पहले कदम भी उठा लिए हैं। दरअसल नई नवेली दुल्हन सारा डैन 9 अप्रैल को जापान में अपने हनीमून के दूसरे दिन बेहोश हो गईं थीं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा। जांच में उनके शरीर में एक्यूट लिवर फेल्योर सहित कई गंभीर समस्याएं सामने आईं। हालत इतनी गंभीर थी कि वह कई हफ्तों तक कोमा में रहीं। 21 अप्रैल को सारा को इमरजेंसी मेडिकल फ्लाइट के जरिए अमेरिका के टेक्सास लाया गया। यहां इलाज शुरू होने के बाद उनके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला। परिवार के अनुसार सारा ने अपनी मां का हाथ दबाया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह उन्हें सुन सकती हैं तो उन्होंने हल्के से सिर हिलाया और धीरे-धीरे कोमा से बाहर आने लगीं। 30 अप्रैल को सारा के चाचा खांग ले ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि अब सारा को लाइफ सपोर्ट से हटा दिया गया है और वह खुद सांस ले रही हैं। इसके अलावा वह अपने हाथ-पैर हिलाने में भी सक्षम हो रही हैं। सबसे भावुक क्षण तब आया जब डॉक्टरों की मदद से सारा खड़ी हुईं और कुछ छोटे कदम भी उठाए। यह उनके परिवार के लिए उम्मीद की बड़ी किरण साबित हुआ। सारा अब अपने भाव भी व्यक्त करने लगी हैं। वह मुस्कुराती हैं, रोती हैं और कभी-कभी हंसती भी हैं, जिससे परिवार को मानसिक राहत मिली है। खांग ने कहा कि वह बेचैनी, उदासी और खुशी व्यक्त करने में सक्षम है, और जब मैं उससे प्रतिक्रिया पाने के लिए कुछ मूर्खतापूर्ण बातें कहता हूं तो वह मुस्कुराती है, रोती है और यहां तक कि खिलखिलाकर हंसती भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button