आप में टूट पर अन्ना का बयान

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का हालिया बयान भारतीय राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम की ओर इशारा करता है, जहां आम आदमी पार्टी (आप) के भीतर असंतोष खुलकर सामने आता दिख रहा है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि राघव चड्ढा और अन्य राज्यसभा सांसद पार्टी नहीं छोड़ते, यदि पार्टी “सही रास्ते” पर चल रही होती। यह टिप्पणी केवल एक व्यक्तिगत राय नहीं, बल्कि उस व्यापक राजनीतिक संकट की झलक है, जिससे आप इस समय गुजरती दिख रही है।
दरअसल, राघव चड्ढा और छह अन्य सांसदों का पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होना आप के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। यह वही पार्टी है, जिसकी नींव 2012 में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान पड़ी थी, जिसमें खुद अन्ना हजारे की केंद्रीय भूमिका रही थी। उस समय अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगियों ने “साफ-सुथरी राजनीति” का वादा किया था, जिसने देशभर में एक नई उम्मीद पैदा की थी।
अन्ना हजारे के बयान में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने इस टूट का सीधा कारण पार्टी नेतृत्व को ठहराया। उनका कहना है कि अगर पार्टी सही दिशा में काम कर रही होती, तो इतने बड़े स्तर पर नेता उसे छोड़कर नहीं जाते। यह आरोप न केवल आप के आंतरिक लोकतंत्र पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि पार्टी के भीतर विचारों और नेतृत्व के बीच संतुलन बिगड़ चुका है।
उल्लेखनीय है दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने भी अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए संकेत दिया कि पार्टी में अब वह माहौल नहीं बचा, जिसमें स्वतंत्र रूप से काम किया जा सके। चड्ढा ने यह भी दावा किया कि राज्यसभा में आप के लगभग दो-तिहाई सदस्य पार्टी छोड़ चुके हैं और अब एक अलग गुट के रूप में काम करेंगे। यह दावा अगर पूरी तरह सही है, तो यह पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के लिए गंभीर चुनौती है।
इस पूरे घटनाक्रम को केवल एक राजनीतिक दल के अंदरूनी संकट के रूप में नहीं देखा जा सकता। यह उस बड़े सवाल को भी सामने लाता है कि क्या नई राजनीति के नाम पर बनी पार्टियां समय के साथ उन्हीं समस्याओं से ग्रस्त हो जाती हैं, जिनके खिलाफ वे खड़ी होती हैं। आप की शुरुआत एक आंदोलन के रूप में हुई थी, जहां पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी गई थी लेकिन अब यदि उसी पार्टी के नेता यह महसूस कर रहे हैं कि उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिल रहा, तो यह उसकी मूल विचारधारा पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
अन्ना हजारे का यह भी कहना है कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राय रखने और अपने रास्ते चुनने का अधिकार है। उनके इस बयान में एक संतुलन भी दिखाई देता है। वह आपसे अलग हुए नेताओं के निर्णय का सम्मान करते हैं, लेकिन साथ ही यह भी संकेत देते हैं कि समस्या कहीं न कहीं पार्टी के भीतर ही है। यह एक तरह से आप नेतृत्व के लिए चेतावनी भी है कि अगर समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी को और भी बड़े नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दिखाता है कि भारतीय राजनीति में स्थायित्व और विचारधारा का संतुलन बनाए रखना कितना कठिन है। एक समय जो पार्टी “विकल्प” के रूप में उभरी थी, आज वही अपने अस्तित्व और दिशा को लेकर सवालों के घेरे में है।
अंततः, राघव चड्ढा और अन्य नेताओं का आप छोड़ना केवल एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि यह उस बदलाव की कहानी भी है, जहां आदर्श और व्यवहार के बीच का अंतर साफ नजर आने लगता है। अन्ना हजारे का बयान इस पूरे घटनाक्रम को एक नैतिक और वैचारिक संदर्भ देता है, जो आने वाले समय में
आप की राजनीति और उसकी दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। (वीपी राहुल-हिफी फीचर)



