ईरान के हमलों के बीच रियाद पहुंचे आसिम मुनीर

सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर से मुलाकात की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में ईरान द्वारा सऊदी अरब पर हालिया हमलों और उन्हें रोकने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रिंस खालिद ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, मैंने पाकिस्तान के आर्मी स्टाफ चीफ और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। हमने ईरान के हमलों और उन्हें रोकने के उपायों पर चर्चा की, जो हमारे संयुक्त सामरिक रक्षा समझौते के दायरे में हुई। हमने जोर दिया कि ये कार्रवाइयां पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को नुकसान पहुंचा रही हैं। हम उम्मीद करते हैं कि ईरानी पक्ष समझदारी दिखाएगा और किसी गलती से बचेगा।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि सऊदी अरब अब ईरानी खतरों का मुकाबला करने के लिए अकेले नहीं लड़ना चाहता, बल्कि पाकिस्तान को मजबूर कर रहा है कि वह उसकी तरफ से लड़े। दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद संयुक्त सामरिक रक्षा समझौते के तहत सऊदी अरब अपने लिए लड़ने की खातिर पाकिस्तान को मजबूर कर सकता है। सऊदी अरब कंगाल हो चुके पाकिस्तान को आर्थिक सहायता, तेल आपूर्ति और इन्वेस्टमेंट के जरिए मदद करता है जिसकी वजह से पाकिस्तान के सामने मदद करने के अलावा और कोई चारा नहीं बचता। खालिद और मुनीर के बीच बातचीत के बाद क्या पाकिस्तान भी ईरान के खिलाफ कार्रवाई करेगा, यह देखने वाली बात होगी। बता दें कि यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब सऊदी अरब लगातार ईरान से जुड़े हमलों का सामना कर रहा है। सऊदी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मालिकी ने सुबह एक्स पर अपडेट देते हुए बताया कि सऊदी हवा रक्षा ने शायबह ऑयल फील्ड की ओर बढ़ रहे 16 ड्रोन को 4 अलग-अलग वेव्स में मार गिराया। ये ड्रोन रूब अल-खाली के ऊपर से आ रहे थे और पूरी तरह नष्ट कर दिए गए। इसके अलावा, प्रिंस सुल्तान एयर बेस अल-खरज पर एक बैलिस्टिक मिसाइल और एक क्रूज मिसाइल को भी सफलतापूर्वक मार गिराया गया।



