नाइजीरिया में इस्लामी आतंकियों ने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा

नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी इलाके में एक बड़ा हमला हुआ है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस्लामिक आतंकवादियों ने बोर्नो राज्य के न्गोशे शहर पर हमला किया और 300 से ज्यादा लोगों को अगवा कर लिया। इनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। यह हमला ग्वोजा इलाके में हुआ। एक अधिकारी बुलामा सावा ने बताया कि यह हमला शायद इसलिए किया गया क्योंकि सेना के एक ऑपरेशन में बोको हराम ग्रुप के तीन कमांडर मारे गए थे। अभी तक किसी ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। नाइजीरिया में सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब है। यहां बोको हराम, इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस जैसे कई आतंकी ग्रुप सक्रिय हैं। इनके अलावा कुछ अन्य ग्रुप भी हैं जो किडनैपिंग और फिरौती जैसे अपराधों में संलग्न हैं। हाल में पड़ोसी इलाकों के आतंकी भी इसमें शामिल हो गए हैं। इस हफ्ते के बीच कोंडुगा, मार्टे, जकाना और मैनोक जैसे इलाकों में भी कई हमले हुए हैं। सेना के प्रवक्ता उबा सानी ने कहा कि सैनिकों ने इन हमलों को रोकने की कोशिश की है और कई आतंकवादियों को मारा गया है। सेना की कार्रवाई में कई बहादुर जवान भी मारे गए हैं। मरने वालों में एक सीनियर अधिकारी भी शामिल है। उन्होंने इस तरह के हमले को आतंकियों की हताशा बताया है।सूत्रों का कहना है कि आतंकी मोटरबाइक से गांवों में आते हैं, हमला करते हैं और जंगल में गायब हो जाते हैं। वो ड्रोन का इस्तेमाल करके टारगेट की जानकारी लेते हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, नाइजीरिया में हजारों लोग इन हमलों में मारे जा चुके हैं।



