विश्व-लोक

नेपाल में बालेन ने मेयर पद से दिया इस्तीफा

नेपाल की राजनीति में काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह ‘बालेन’ सुर्खियों में रहते हैं। उन्होंने साल 2022 के स्थानीय चुनाव में बड़े राजनीतिक दलों को हराकर सबको चैंका दिया था। अब देश में 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव लड़ने का उन्होंने फैसला किया है। इस चुनाव में उतरने के लिए बालेन ने ? मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है। वो अपने पांच साल के कार्यकाल में से करीब साढ़े तीन साल ही पूरे कर पाए हैं। इसी के बाद अब वो चुनाव में उतरने जा रहे हैं जो बाकी उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर देंगे। नेपाल के कानून के मुताबिक, जो भी निर्वाचित प्रतिनिधि संसद का चुनाव लड़ना चाहता है, उसे पहले अपने पद से इस्तीफा देना होता है। इसी वजह से बालेन ने पद छोड़ा। इस्तीफे के बाद वो काठमांडू के बनस्थली स्थित राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के दफ्तर पहुंचे। वो तीन हफ्ते पहले ही इस पार्टी में शामिल होने का फैसला कर चुके थे, लेकिन मेयर पद छोड़ने के बाद अब वो औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हो गए हैं। इस पार्टी ने बालेन को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। बालेन के करीबी सूत्रों के अनुसार, वो पूर्वी नेपाल के कोशी प्रांत के झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र से आम चुनाव लड़ रहे हैं, जहां वो कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के अध्यक्ष और हाल में प्रधानमंत्री के पद से अपदस्थ हुए के पी शर्मा ओली को चुनौती देंगे। यह इलाका लंबे समय से केपी शर्मा ओली का गढ़ माना जाता है। ओली 4 बार नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उनके गढ़ में चुनाव लड़ने का फैसला कर बालेन ने मुकाबले को काफी बड़ा और कठिन बना दिया है।
भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध को लेकर अपनी सरकार के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाले जेएनजी समूह के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद, ओली ने 9 सितंबर को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। दरअसल, ओली के इस्तीफे के बाद, युवाओं ने पूर्व रैप गायक से नेता बने बालेन से कार्यवाहक सरकार की बागडोर संभालने का अनुरोध किया था लेकिन, उन्होंने यह कहते हुए अंतिरम सरकार की अगुवाई करने से इनकार कर दिया था कि इसके बजाय वो चुनाव लड़कर पूर्ण कार्यकाल के लिए सरकार का नेतृत्व करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button