विश्व-लोक

नेपाल में बालेन्द्र की पार्टी सत्ता की ओर

नेपाल में 5 मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा (नेपाली संसद) के चुनाव में नई बनी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी यानी कि आरएसपी ने शानदार शुरुआत की है। शुरुआती नतीजों के मुताबिक, आरएसपी ने एक सीट जीत ली और 44 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। वहीं, नेपाली कांग्रेस 4 सीटों पर आगे है, सीपीएन (यूएमएल) 5 पर और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी 1 पर बढ़त बनाए हुए थी। बता दें कि नेपाल की कुल 165 सीटों पर चुनाव हुए हैं। इस चुनाव में करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं ने हिस्सा लिया और माना जा रहा है कि ये चुनाव मुल्क की सियासत को एक नई तरफ ले जाएंगे। बता दें कि यह नेपाल के इतिहास में पहला बड़ा चुनाव है, जो पिछले साल जेन-जेड के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद हुआ। उन विरोधों में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े पैमाने पर लोग सड़कों पर उतरे थे, जिसके कारण केपी शर्मा ओली की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार गिर गई थी। काठमांडू-1 सीट पर आरएसपी उम्मीदवार रंजू दर्शना की काफी बड़े अंतर से जीत हुई है। आरएसपी के केंद्रीय समिति सदस्य आरके ढुंगाना के अनुसार, रंजू ने 10000 से भी ज्यादा वोट हासिल किए, जो निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेपाली कांग्रेस के प्रबल थापा क्षेत्री से लगभग दोगुना है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी आधिकारिक तौर पर जीत की घोषणा नहीं की है।
काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन्द्र शाह, जिन्हें बालेन के नाम से जाना जाता है, झापा-5 सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री और सीपीएन (यूएमएल) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली से आगे चल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरएसपी काठमांडू की सभी 10 सीटों पर बढ़त में है। आरएसपी की स्थापना 2022 में हुई थी और चुनाव प्रचार के दौरान इसे युवाओं से खासा समर्थन मिला था। बालेन शाह को पार्टी का प्रधानमंत्री उम्मीदवार माना जा रहा है। दूसरी तरफ, नेपाली कांग्रेस और सीपीएन (यूएमएल) पिछले साल जेन-जेड प्रोटेस्ट में गिराई गई सरकार का हिस्सा थे। नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा अपनी पार्टी के प्रधानमंत्री उम्मीदवार हैं, जबकि सीपीएन (यूएमएल) ने ओली को अपना पीएम चेहरा बनाया है।
नेपाल में लगभग 1.89 करोड़ मतदाताओं ने 275 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा के लिए वोट डाले थे। इनमें से 165 सीटें फर्स्ट पास्ट द पोस्ट (एफपीटीपी) यानी सीधे वोट से चुनी जाती हैं, जबकि 110 सीटों को प्राप्त वोटों के अनुपात में बांटा जाता है। एफपीटीपी के लिए 3400 से ज्यादा और प्रोपोर्शनल के लिए 3135 उम्मीदवार मैदान में थे। चुनाव आयोग के मुताबिक, वोटों की गिनती 5 मार्च रात देर से शुरू हुई और 6 मार्च रात तक पूरी होने की उम्मीद है। फिलहाल शुरुआती नतीजे आरएसपी की मजबूत लहर दिखा रहे हैं, जो नेपाल की राजनीति में युवा बदलाव की मांग को बयां करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button