परमाणु ठिकानों को दोबारा तैयार कर रहा ईरान

खबर आ रही है कि ईरान एक बार फिर से परमाणु ठिकानों को तैयार कर रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि ईरान ने चोरी-छिपे अपने तबाह हो चुके परमाणु ठिकानों को फिर से खड़ा करना शुरू कर दिया है।
इंस्टीट्यूट फॉर साइंस एंड इंटरनेशनल सिक्योरिटी के साथ मिलकर किए गए सैटेलाइट इमेजरी के विश्लेषण में यह सामने आया है कि ईरान उन संदिग्ध परमाणु साइटों पर फिर से निर्माण कर रहा है। ये वही साइट हैं जिन्हें कुछ समय पहले ही निशाना बनाया गया था। यह चैंकाने वाला खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ हुए युद्धविराम समझौते को खत्म घोषित करते हुए इस हफ्ते नए हमलों के आदेश दे दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या ईरान ने इस ताजा तनाव से पहले ही समझौते की पीठ में छुरा घोंप दिया था? सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस समय पूरी दुनिया की नजरें ईरान के पारचिन इलाके पर टिकी हैं। यह वही जगह है जिसके बारे में माना जाता है कि यहां परमाणु हथियारों से जुड़े विस्फोटक तैयार किए जाते थे।
इस साल की शुरुआत में जब अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर साझा सैन्य कार्रवाई की थी, तो उससे ठीक पहले ईरान ने पारचिन की अहमियत को देखते हुए इसके चारों तरफ एक कंक्रीट की मजबूत ढाल बनाई थी। हालांकि, हमलों में इस साइट को भारी नुकसान पहुंचा था। अब यानी जुलाई की तस्वीरों में अब उन अस्थायी कवरों को हटाकर वहां जाली लगा दी गई है। रिपोर्ट इस तस्वीर को लेकर इशारा करती है कि वहां मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम पूरी रफ्तार से चल रहा है।
संदेह के घेरे में सिर्फ पारचिन ही नहीं है। रिपोर्ट में पिकैक्स माउंटेन का भी जिक्र किया गया है। इसका भी सीधा कनेक्शन ईरान के परमाणु कार्यक्रम से माना जाता है।



