विश्व-लोक

आसियान में जयशंकर ने जतायी चिंता

भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आसियान सम्मेलन के दौरान अपने संबोधन में ऊर्जा क्षेत्र के लगातार सिकुड़ने पर चिंता जाहिर की। एस जयशंकर का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका और भारत के संबंधों में थोड़ा रूखापन आया हुआ है और अमेरिका द्वारा भारत पर रूस से तेल न खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस दबाव के तहत अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है। बीते हफ्ते ट्रंप ने रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों, रोसनेफ्ट और लुकोइल पर बैन लगा दिया, जिससे भारत को ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है।
आसियान सम्मेलन के दौरान भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अपने बयान में बाजारों तक पहुंच, सप्लाई चेन की दिक्कतों को लेकर भी चिंता जताई। साथ ही उन्होंने कहा कि दुनिया को आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी चाहिए और गाजा और यूक्रेन जैसे संघर्षों को सुलझाने की कोशिशें तेज करनी चाहिए क्योंकि इन संघर्षों की वजह से खाद्य सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति खतरे में पड़ गई है। जयशंकर ने कहा कि ऊर्जा व्यापार पर लगातार रोक लगाई जा रही है, जिससे तेल बाजार में गड़बड़ी हो रही है। सिद्धांतों को चुनिंदा तरीके से लागू किया जा रहा है।
अमेरिका की व्यापार नीति का जिक्र किए बिना जयशंकर ने कहा कि सप्लाई चेन की विश्वसनीयता और बाजार पहुंच चिंता बढ़ा रही है। गौरतलब है कि एक तरफ जहां ट्रंप प्रशासन द्वारा दुनिया के विभिन्न देशों पर भारी-भरकम टैरिफ लगा दिए गए हैं, जिससे आपूर्ति श्रृंख्ला प्रभावित हुई है। वहीं दूसरी तरफ चीन द्वारा दुर्लभ खनिजों और भारी मशीनरी के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। साल 2025 में भारत के ऊर्जा आयात का एक तिहाई से ज्यादा हिस्सा रूसी कच्चे तेल का था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button