जापान भी बनाएगा परमाणु हथियार

जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने जापान के लोगों से अपील की है कि वह देश की सुरक्षा में परमाणु हथियारों की भूमिका पर खुलकर बहस करें। कैबिनेट के किसी मौजूदा सदस्य का इस बेहद विवादित मुद्दे पर बात करना एक दुर्लभ घटना है। कोइजुमी ने यूरोप की यात्रा से पहले रिकॉर्ड किए गए एक ऑनलाइन समाचार कार्यक्रम के दौरान कहा, हालांकि जापान के लिए इस मुद्दे पर चर्चा करना मुश्किल है, लेकिन एक विषय जिससे हम बच नहीं सकते, वह है परमाणु हथियार। कोइजुमी की ये बातें ऐसे समय में आई हैं जब सरकार जापान की सुरक्षा नीति को बताने वाले अहम दस्तावेजों में बदलाव पर विचार कर रही है, जिसमें परमाणु हथियारों का उत्पादन, कब्जा या उन्हें अपने यहां रखने के दशकों पुराने वादे में संभावित बदलाव भी शामिल हैं। 1967 में तैयार किए गए और औपचारिक रूप से देश के तीन परमाणु-विरोधी सिद्धांतों के तौर पर जाने जाने वाले इस वादे को तब से सरकारों ने लगातार बनाए रखा है। सरकार के वरिष्ठ अधिकारी आम तौर पर परमाणु हथियारों से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से बोलने से बचते रहे हैं, क्योंकि जापान एकमात्र ऐसा देश जिस पर परमाणु बमों से हमला हुआ था। 80 साल से ज्यादा होने के बाद भी वहां के लोगों को हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिरने के बाद हुए नुकसान की यादें ताजा हैं। यही कारण है कि जापान के असाही शिंबुन नाम के एक दैनिक अखबार के अप्रैल के एक सर्वेक्षण के अनुसार, सर्वेक्षण में शामिल 75 फीसद लोगों ने कहा कि जापान को अपने सिद्धांतों को बनाए रखा जाना
चाहिए, जबकि 21 फीसद ने कहा कि उनमें बदलाव किया जाना चाहिए। दिसंबर में, सुरक्षा मामलों पर प्रधानमंत्री सनाए तकाइची को सलाह देने वाले सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह निजी राय व्यक्त करके विवाद
खड़ा कर दिया था कि जापान के पास परमाणु हथियार होने चाहिए। फिर भी, पिछले नवंबर में संसद में तकाइची द्वारा इस वादे को पूरी तरह से बनाए
रखने की अपनी प्रतिबद्धता के बारे में पूछे गए सवाल का सीधा जवाब न देने के बाद, जापान में अमेरिकी परमाणु हथियारों को लाने की अनुमति देने की चर्चा बढ़ गई है।



