कम जोंग ने बेटी के साथ देखा मिसाइलों का परीक्षण

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन अपनी किशोर बेटी के साथ युद्धपोत से दागी गई रणनीतिक क्रूज मिसाइलों के परीक्षण देखने पहुंचे। माना जा रहा है कि तानाशाह शासक अपनी बेटी को अपने उत्तराधिकारी के तौर पर ट्रेनिंग देने की शुरुआत कर चुके हैं। सरकारी मीडिया ने 11 मार्च को बताया कि इस दौरान उत्तर कोरिया ने अमेरिका-दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास के जवाब में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी यानी कि केसीएनए द्वारा जारी की गई तस्वीरों में दोनों पिता-पुत्री एक कॉन्फ्रेंस रूप में बैठकर एक स्क्रीन पर मिसाइलों की लॉन्चिंग की पूरी कार्रवाई देख रहे थे।बता दें कि ये क्रूज मिसाइलें एक साल पुराने नौसेना डिस्ट्रॉयर ‘चोए ह्योन’ से छोड़ी गई थीं। केसीएनए ने बताया कि किम जोंग उन ने वीडियो के जरिए इन मिसाइलों की लॉन्चिंग को देखा। उन्होंने कहा कि शक्तिशाली और भरोसेमंद परमाणु युद्ध रोकथाम बनाए रखना बहुत जरूरी है। खबर में उनकी बेटी का नाम नहीं लिया गया, हालांकि उनका नाम किम जू ए बताया जाता है और उनकी उम्र करीब 13 साल है। दिसंबर 2022 से वह अपने पिता के साथ सैन्य परेड और हथियार परीक्षण जैसे कई बड़े कार्यक्रमों में शामिल होती रही हैं। साउथ कोरिया की खुफिया एजेंसी ने पिछले महीने कहा था कि किम जोंग उन जल्द ही अपनी बेटी को अपना उत्तराधिकारी घोषित करने वाले हैं। एजेंसी के मुताबिक, मिसाइलें नॉर्थ कोरिया के पश्चिमी तट के पास लक्ष्य वाले द्वीपों पर सटीक निशाना लगाने में कामयाब रहीं। किम जोंग उन ने कहा कि इन परीक्षणों का मकसद नेवी की रणनीतिक ताकत को दिखाना और सैनिकों को हथियार चलाने का अभ्यास कराना था। बता दें कि पिछले हफ्ते किम जोंग उन ने खुद ‘चोए ह्योन’ युद्धपोत से इसी तरह के क्रूज मिसाइल परीक्षण देखे थे, लेकिन उस समय उनकी बेटी उनके साथ नहीं थीं। इन मिसाइल परीक्षणों का समय भी खास है। ठीक उसी दिन अमेरिका और दक्षिण कोरिया के वसंतकालीन सैन्य अभ्यास शुरू हुए थे।



