बाॅलीवुड में अब स्टार किड कियारा राॅय की इंट्री

बॉलीवुड में एक बार फिर स्टार किड्स की नई जोड़ी एंट्री के लिए तैयार है और इस बार मामला काफी दिलचस्प नजर आ रहा है। फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला के बेटे सुभान नाडियाडवाला अपनी पहली फिल्म ‘ऐसी दीवानगीश् से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। खास बात ये है कि उनके अपोजिट नजर आएंगी रोहित रॉय और मानसी जोशी रॉय की बेटी कियारा रॉय। यानी ये फिल्म सिर्फ एक डेब्यू नहीं बल्कि दो फिल्मी परिवारों की नई पीढ़ी का बड़ा लॉन्च बनने जा रही है, जिसे लेकर इंडस्ट्री में अभी से चर्चा तेज हो गई है।
कियारा रॉय का फिल्मी बैकग्राउंड काफी मजबूत है। उनके नाना अरविंद जोशी गुजराती सिनेमा और थिएटर की बड़ी शख्सियत रहे हैं, जबकि शरमन जोशी उनके मामा हैं। ऐसे में एक्टिंग उनके लिए नई नहीं है। वहीं रोहित रॉय खुद टीवी और फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं और अपने दमदार रोल्स के लिए पहचाने जाते हैं। ऐसे में कियारा से भी अच्छी परफॉर्मेंस की उम्मीद की जा रही है। सुभान नाडियाडवाला अपने डेब्यू को लेकर पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं। खबरों के मुताबिक उन्होंने फिल्म के लिए एक बड़ा एक्शन सीन शूट किया है, जिसमें करीब 60 ट्रेंड फाइटर्स शामिल थे। इस सीन के लिए सुभान ने महीनों तक ट्रेनिंग ली। इससे साफ है कि उनका लॉन्च सिर्फ स्टार किड टैग पर नहीं बल्कि मेहनत और तैयारी पर भी टिका है। फिल्म ‘ऐसी दीवानगी’ को डायरेक्ट कर रहे हैं शशांक खेतान, जिन्होंने पहले धड़क के जरिए जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर को लॉन्च किया था। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि ये फिल्म भी नए चेहरों को मजबूत पहचान दिला सकती है।
कियारा रॉय को लेकर ये भी चर्चा है कि वो इंडस्ट्री में एंट्री के साथ
अपना स्क्रीन नेम बदल सकती हैं। हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इससे फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। (हिफी)



