लेखक की कलम

बेगम रुकैया सखावत हुसैन

बेगम रुकैया सखावत हुसैन का जन्म 09 दिसम्बर 1980 को अविभाजित बंगाल के रंगपुर जिले में हुआ था। जो अब बांग्लादेश है। वे अपने समय की सुप्रसिद्ध लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता थीं। उन्हें लैंगिक समानता के लिए किये गये उनके संघर्ष के लिये याद किया जाता है। इनका परिवार बांग्लादेश का एक कुलीन फारसी और बंगाली मिश्रित मुस्लिम परिवार था। उनके पूर्वज ईरान से पलायन करके बंगाल के रंगपुर में आकर बस गये थे और यहां उन्होंने अपनी जमींदारी स्थापित की थी। उनके पिता जहीरुद्दीन मुहम्मद अबू अली हैदर सबा एक जमींदार और अनेक भाषाओं का ज्ञान रखने वाले बुद्धिजीवी व्यक्ति थे। उनकी माँ का नाम राहतुन्नेस सबा चैधरानी था। इनकी शादी सोलह साल की कम उम्र में 1898 में 38 साल के खान बहादुर सखावत हुसैन से हुई थी। भागलपुर जिले के उर्दू बोलने वाले डिप्टी मजिस्ट्रेट थे। उन्होंने इंग्लैण्ड से एग्रीकल्चर में बैचलर डिग्री ली थी तथा वे इंग्लैण्ड की राॅयल एग्रीकल्चर सोसायटी के सदस्य भी थे। उन्होंने अपनी पहली पत्नी की मौत के बाद रुकैया से शादी की थी। एक उदारवादी दृष्टिकोण होने के नाते उन्होंने रुकैया को बंगाली के साथ अंग्रेजी भाषा भी सीखते रहने के लिए हिम्मत दी थी। उन्होंने ही रुकैया को लिखने की प्रेरणा दी थी, उनकी ही सलाह पर रुकैया ने अपने लेखन के लिए बांग्ला भाषा को अपनाया था।
रुकैया जब पैदा हुई थीं तब बंगाल के मुसलमान मर्दों के लिये तो स्कूल शुरू हो चुके थे। मगर तालीम की वह रोशनी घर की दीवारों में कैद औरतों तक नहीं पहुंची थी। बंगाल के अमीर मुसलमान परिवारों में महिलाओं को सिर्फ मज़हवी तालीम दी जाती थी। रुकैया को यह बात अच्छी नहीं लगती थी। यह वह दौर था जब महिलाओं को बाहर जाकर पढ़ने की इजाज़त नहीं होती थी और जो हिम्मत करता था उसे बुरी दृष्टि से देखा जाता था लेकिन कहते हैं न कि जहाँ चाह वहाँ राह। रुकैया का भाई इब्राहीम साबेर बहुत मेधावी था, उसे अपनी बहनों को पढ़ाने में कोई आपत्ति नहीं थी लेकिन वह चुपके-चुपके ही पढ़ा सकता था। रुकैया ने अपने भाई से तालीम लेनी शुरू कर दी। भाई ने बंग्ला भाषा सीखने में रुकैया की बहुत मदद की जिससे वह भाषा के स्तर पर पारंगत हो गई थीं।
रुकैया ने एक जगह लिखा है, ‘‘बालिका विद्यालय या स्कूल काॅलेज के अन्दर मैंने कभी प्रवेश नहीं किया। केवल बड़े भाई के जबरदस्त प्यार और मेहरबानी की वजह से लिखना पढ़ना सीख सकी।‘‘
पढ़ाई के प्रति उनके इस जज़्बे की वजह से उनका घर पर बहुत मज़ाक उड़या जाता था, ताने दिये जाते, मगर न तो दोनों बहनें और न उनके भाई पीछे हटे। यही कारण है कि रुकैया अपने इल्मी और दिमागी वजूद के लिए ताउम्र अपने बड़े भाई को याद करती रहीं। विवाह के बाद उनके पति ने उन्हें बहुत आगे बढ़ाया। पति के सहयोग से उन्होंने लिखना शुरू किया और कुछ ऐसे लेख लिखे जो मुस्लिम समाज की सोच को प्रभावित करते थे। रुकैया के लेख स्थानीय समाचार पत्रों में नियमित रूप से प्रकाशित होने लगे। दोनों का साथ लगभग 14 वर्ष रहा। सन् 1909 में सखावत हुसैन की मृत्यु हो गई। उस समय रुकैया की उम्र मात्र 29 वर्ष थी। उनके समय में रुकैया का ज्यादातर समय भागलपुर में ही गुजरा। यही वह समय था जब रुकैया ने मुस्लिम महिलाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए जी भर कर लिखा। रुकैया का मानना था कि स्त्री समाज की आधी आबादी है उसके गिरे पड़े रहने से समाज की तरक्की संभव नहीं है अतः स्त्री का सशक्त और पढ़ा-लिखा होना बहुत जरूरी है।
उनका पहला लेख वर्ष 1902 में ‘पिपासा’ शीर्षक से ‘नवप्रभा’ में प्रकाशित हुआ था। यह पत्रिका ज्ञानेन्द्र लाल राॅय के सम्पादन में प्रकाशित होती थी। इसके बाद उनका लेख गिरीश चन्द्रसेन के सम्पादन में प्रकाशित होने वाली ‘महिला’ नामक पत्रिका में प्रकाशित हुआ। उनका यह लेख बहुत चर्चित रहा। इसमें उन्होंने लिखा था कि ‘‘हम दासता के अभ्यस्त हो गए हैं, तभी तो हम आभूषणों को पसन्द करते हैं। ये गहने गुलामी की निशानी के अलावा और कुछ नहीं है। पुरुष इस तरह के प्रतीकों को हार के प्रतीक के रूप में देखते हैं। आपसी बहस के दौरान पुरुष अक्सर ये कह देते हैं कि अगर मैं गलत सिद्ध हुआ तो हाथों में चूड़ियाँ पहन लूँगा। महिलाओं के प्रसाधन अगर उनके अपमान के प्रतीक हैं, तो वह महिलाओं के लिये प्रतिष्ठा और सम्मान का प्रतीक कैसे बन सकते हैं।’’
रुकैया की प्रमुख रचनाएँ ‘सुल्तानाज ड्रीम’ (1908) जो अंग्रेजी भाषा में एक लघु उपन्यास है। ‘मोतीचूर’, खण्ड-1 और 2 1904 और 1922, ‘पदमराण’ (1924 उपन्यास) ‘अवरोध वासिनी (1931, व्यंग्य रचना-संग्रह) सहित कई कविताएँ, कहानियाँ, अंग्रेजी और बांग्ला भाषा में कई लेख हैं, जो उनकी रचनावली में संकलित किये गये हैं। ‘सुल्तानज़ ड्रीम’ रुकैया का एक चर्चित उपन्यास है। यह कहानी कई चीजों का अद्भुत संगम है। यह विज्ञान कथा है जो स्त्री विमर्श का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज भी है। यह एक नारीवादी कल्पना लोक की कथा भी है। सबसे बढ़कर यह एक अहिंसक, कुदरत से जीवन्त रिश्ता बनाकर रखने वाले समाज का आदर्शवादी अक्स है। रुकैया का मानना था कि मुस्लिम महिलाओं की शिक्षा के रास्ते में दो बड़ी बाधायें हैं, पहला पर्दा कानून जो सख्ती से महिलाओं के लिए घर के बाहर के शैक्षिक उन्नयन और अन्य अवसरों को सीमित कर देता है दूसरा कम उम्र में लड़कियों की शादी किये जाने का रिवाज। वे महिलाओं की उस तरह की शिक्षा की बात करती हैं जो महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से समान नागरिक के रूप में पहचान दिला सकें। रुकैया बेगम की रचना ‘डिग्रशन आॅफ वुमेन’ जिसका अनुवाद बांग्ला से अंग्रेजी में किया गया है, महिलाओं की खराब स्थिति के बारे में है। वे जीवन भर स्त्रियों की शिक्षा और उनके विकास के रास्ते खोजती रहीं। मात्र 52 साल की उम्र में 9 दिसम्बर 1932 के दिन रुकैया बेगम का इन्तकाल हो गया। आखिरी साँस तक उनकी जिन्दगी स्त्रियों के उत्थान और समाज में उन्हें उत्कर्ष तक ले जाने की दिशा में समर्पित रहीं। चूंकि मूलरूप से वह बांग्लादेश की निवासी मानी गईं, इसलिए उस देश ने रुकैया को काफी इज्ज़त बख्शी है। तस्लीमा नसरीन ने अपने लेखन में रुकैया बेगम के प्रभाव का ज़िक्र किया है।
बांग्लादेश में उनके नाम से सन् 2001 में बेगम रुकैया विश्वविद्यालय की स्थापना की। यह विश्वविद्यालय उनके पैतृक गांव रंगपुर में स्थापित किया गया जो विभाजन के बाद पूर्वी पाकिस्तान और बाद में बांग्लादेश के हिस्से में आया था। 9 दिसम्बर का दिन वहां प्रतिवर्ष ‘रुकैया दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।(कुमकुम शर्मा-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button