इजरायल को कैंसरग्रस्त बताने पर पाक को लताड़

ईरान-इजरायल युद्धविराम में मध्यस्थता की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान ने कुछ ऐसा कर दिया है, जिससे इजरायल बहुत ही खफा है। उसने अब पाक को जमकर लताड़ लगाई है। दरअसल पाकिस्तान हाल ही में दिए उसके बयान को लेकर घिर गया है। पाकिस्तान को यह लताड़ रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस विवादास्पद बयान को लेकर लगाई गई है, जिसमें उन्होंने इजरायल को कैंसरग्रस्त कहा है।
ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में वार्ता के पहले पाकिस्तान के बयान ने आग में घी डालने का काम किया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक पोस्ट में इजरायल की आलोचना करते हुए उसे दुष्ट और मानवता के लिए शाप बताया है। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान में वार्ता होने जा रही है, तब इजरायल लेबनान में नरसंहार कर रहा है। पहले गाजा, फिर ईरान और अब लेबनान में निर्दोष लोगों की हत्या की जा रही है। जिन लोगों ने फलस्तीनी भूमि पर कैंसर जैसे इस देश की स्थापना की है, वो इन यहूदियों से मुक्ति के लिए काम करें। आसिफ के इस बयान पर इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाक का इजरायल को लेकर विनाश की बात कहना निंदनीय है। यह बयान बर्दाश्त करने लायक नहीं है, खासकर उस सरकार से जो खुद को शांति का निष्पक्ष मध्यस्थ बताती है। वहीं ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसी तसनीम न्यूज एजेंसी ने कहा कि पाकिस्तान में वार्ता तब तक स्थगित रहेगी जब तक इजरायल लेबनान में सैन्य हमले बंद नहीं कर देता।
इजरायल सरकार ने पाकिस्तान पर पहली बार सार्वजनिक तौर पर हमला बोला है। इससे पहले भारत में इजरायल के राजदूत ने कहा था कि इजरायल को पाकिस्तान पर भरोसा नहीं है।



