विश्व-लोक

आसियान शिखर सम्मेलन को लेकर मोदी के फैसले का सम्मान

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पुष्टि की है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 47वें आसियान शिखर सम्मेलन के लिए कुआलालंपुर नहीं आएंगे बल्कि वर्चुअल माध्यम से इसमें शामिल होंगे। अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया पर कहा, हमने इस महीने के अंत में कुआलालंपुर में होने वाले 47वें आसियान शिखर सम्मेलन के आयोजन पर चर्चा की है।
प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि उन्होंने (पीएम मोदी) मुझे बताया कि भारत में चल रहे दीपावली समारोह के कारण वह वर्चुअल माध्यम से इसमें शामिल होंगे। मैं उनके फैसले का सम्मान करता हूं और उन्हें और भारत के सभी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ गर्मजोशी से बातचीत हुई। उन्हें मलेशिया की आसियान की अध्यक्षता के लिए बधाई दी और आगामी शिखर सम्मेलनों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल रूप से शामिल होने और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए उत्सुक हूं।’’ दक्षिण-पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) की बैठकें 26 से 28 अक्टूबर को होनी है। मलेशिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ-साथ आसियान समूह के वार्ता साझेदार कई देशों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है। ट्रंप 26 अक्टूबर को 2 दिवसीय यात्रा पर कुआलालंपुर जाएंगे। आसियान के 10 सदस्य देशों में इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रूनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमार और कंबोडिया शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button