टीटीपी सरगना ने मुनीर से कहा मर्द हो तो खुद सामने आओ, सैनिक क्यों मरवा रहे हो

पाकिस्तान ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सरगना नूर वली महसूद को मारने के लिए हाल ही में अफगानिस्तान में हवाई हमले किए थे। इन हमलों के बाद पाकिस्तान ने नूर के खात्मे का दावा किया था जिसकी हवा खुद टीटीपी के मुखिया महसूद ने वीडियो जारी कर निकाल दी थी। ऐसे में एक बात तो साफ समझ आती है कि टीटीपी पाकिस्तान के लिए कितना बड़ा खतरा है और क्यों शरीफ के साथ-साथ मुनीर की हवा खराब है।
हुआ ये है कि पाकिस्तान की खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के कमांडर काजिम पर 10 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का इनाम घोषित किया था। माना जाता है काजिम हाल में सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर की हत्या में शामिल था। काजिम पर कुर्रम के उपायुक्त जावेदुल्लाह महसूद की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप है। अब जिस टीटीपी कमांडर पर 10 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का इनाम घोषित किया है उसने पाकिस्तान की सेना, उसके चीफ आसिम मुनीर रको खुली धमकी दे डाली है। काजिम ने आसिम मुनीर को धमकी देते हुए कहा है कि उसे (मुनीर) को अपने असहाय सैनिकों को मरने के लिए भेजने से बचना चाहिए और इसके बजाय टॉप के अधिकारियों को टीटीपी की चुनौती स्वीकार करने के लिए खुद जंग के मैदान में आना चाहिए। टीटीपी कमांडर काजिम ने यहां तक कहा कि मुजाहिद्दीन को अल्लाह ने हथियार दे दिए हैं। इंशा अल्लाह जंग का यह सिलसिला जारी रहेगा। अगर आप (पाक सेना के बड़े अधिकारी) मर्द हैं, मां का दूध पिया है तो आम सैनिकों को भेड़-बकरियों की तरह भेजने की जगह खुद भी आया करें। तब हम आपको जंग का मजा चखाएंगे। हम आपको बताएंगे कि जंग कैसे लड़ी जाती है।”
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का संस्थापक बैतुल्लाह महसूद था जो दक्षिण वजीरिस्तान के महसूद कबीले से ताल्लुक रखता था। अमेरिकी ड्रोन हमले में 2009 में उसकी मौत के बाद हकीमुल्लाह महसूद, फिर फजलुल्लाह और वर्तमान में नूर वली महसूद इस संगठन का प्रमुख है।



