विश्व-लोक

ट्रम्प ने नाइजीरिया में अमेरिकियों की हत्या का लिया बदला

अमेरिका ने हाल ही में सीरिया में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर हमला किया था। अब एक और देश में आईएसआईएस पर अमेरिका ने जोरदार हमला बोला है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके आदेश पर अमेरिकी सेना ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी इलाके में इस्लामिक स्टेट के आतंकियों पर घातक हवाई हमला किया है। सीरिया पर हमला इसलिए किया गया था, क्योंकि उसके एक हमले में कई अमेरिकी सैनिक मारे गए और घायल हुए थे। लेकिन नाइजीरिया में हुई कार्रवाई का कारण कुछ और है, जिस कारण इसे खास क्रिसमस के मौके पर अंजाम दिया गया है।
ट्रंप का आरोप है कि ये आतंकी लंबे समय से नाइजीरिया में खासतौर पर ईसाई समुदाय को निशाना बनाकर बेरहमी से हत्याएं कर रहे थे। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि कमांडर-इन-चीफ होने के नाते उन्होंने इस कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि आईएसआईएस के आतंकियों को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि अगर ईसाइयों की हत्या नहीं रुकी, तो उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी रक्षा विभाग ने बेहद सटीक और प्रभावी हमले किए, जैसे केवल अमेरिका ही कर सकता है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें नाइजीरिया सरकार का सहयोग मिला। रक्षा मंत्रालय के एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें एक युद्धपोत दिख रहा है। इस युद्धपोत से एक मिसाइल लॉन्च की जा रही थी। हालांकि, व्हाइट हाउस और नाइजीरिया सरकार की ओर से अब तक इस पर विस्तृत आधिकारिक बयान नहीं आया है। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने देश और दुनिया के ईसाइयों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी सरकार धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा और हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button