योगी ने दिया एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा
उत्तर प्रदेश बना वैश्विक कनेक्टिविटी का केंद्र

योगी आदित्यनाथ ने अपनी उत्तर प्रदेश सरकार के लगातार दूसरे कार्यकाल के 9वें साल एक ऐसा तोहफा दिया है जो भारत ही नहीं एशिया का रिकार्ड तोड़ रहा है। यूपी के विवादित स्थल नोएडा मंे जहां मुख्यमंत्री इस टोटके से डरते थे कि वहां गये तो कुर्सी चली जाएगी। एक-दो के साथ ऐसा हुआ भी। योगी आदित्यनाथ ने इसे तोड़ दिया और उनकी न सिर्फ दो बार लगातार सरकार बनी बल्कि उन्होंने हैट्रिक की पुख्ता जमीन भी तैयार कर दी है। नोएडा के ही जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनकर तैयार हो गया और उसका उद्घाटन प्रधनमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया है। जेवर मंे 11282 कारोड़ की लागत से बने अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले फेस का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद जनता के फ्लैश से करवाया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश पांच इंटरनेशनल एयर पोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
इस एयरपोर्ट की कुल अनुमानित लागत 29500 करोड़ रुपये बतायी जा रही है और इस पर पांच रनवे होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह विजन रहा है कि जिसका शिलान्यास करो, उसका उद्घाटन भी करो। इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी पीएम मोदी के हाथों से हुआ था और आज उद्घाटन भी उन्हांेने किया है। एविएशन एक्सपर्ट अमित मित्तल कहते हैं कि यह एबिएशन प्रोफेशनल के लिए एक सपना सच होने जैसा है। वह कहते हैं कि वह इलाका एविएशन हब बन जाएगा। योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है। यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे। मिली जानकारी के अनुसार जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हर दो मिनट मंे एक जहाज उड़ान भरेगा।
पीएम मोदी ने 28 मार्च को गौतमबुद्धनगर जिले के जेवर में एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट का उद्घाटन मैंने नहीं बल्कि आप लोगों ने किया है। उन्होंने लोगों से मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट भी ऑन करने को कहा। पीएम मोदी ने कहा, आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स वाले राज्यों में से एक हो गया है। आज मेरे लिए प्रसन्नता के दो कारण हैं। एक तो यह है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्घाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया। उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ेगा।
पीएम मोदी ने कहा, किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। नोएडा को अपने हाल पर छोड़
दिया था। मुझे भी नोएडा के लिए डराया गया था। सपा वालों ने पहले नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट डबल इंजन
की कार्य संस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आप सोचिए इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने 2003 में फाइल में मंजूरी दे दी थी लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना केंद्र में कांग्रेस और यहां की तत्कालीन सरकारों ने वर्षों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। सन् 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी शुरू के 2-3 वर्षों में उन्होंने इस पर काम नहीं होने दिया लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-एनडीए की सरकार बनी और दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी और निर्माण भी हुआ और अब ये शुरू भी हो गया है।
सीएम योगी ने अपने भाषण की शुरुआत वंदे मातरम और हर-हर महादेव के जयकारों से की। सीएम योगी ने कहा पीएम मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अन्य लोगों जैसे यूपी की राज्यपाल और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू समेत अन्य गणमान्य लोगों का अभिवादन किया।सीएम योगी ने कहा, आज का यह अवसर पीएम मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का है। आज का समय बेहद संशय भरा हुआ है और सारी दुनिया में पेट्रो उत्पादों के दाम बढ़ रहे हैं। लेकिन अपनी दूरदृष्टि से पीएम मोदी के नेतृत्व में हम आगे बढ़ रहे हैं। भारत में पेट्रो उत्पादों के दाम नियंत्रित हैं। अमेरिका जैसे देश में भी पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं, वहां अव्यवस्था का माहौल है। उन्हें कार्यक्रम रोकना पड़ रहा है और कोटा सिस्टम तक लागू करना पड़ रहा है।
लेकिन भारत में सभी कार्य निर्बाध रूप से चल रहे हैं। मैं पीएम मोदी आपका आभार करता हूं। सीएम योगी ने कहा, यूपी के अंदर जो पोटेंशियल था वह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और उससे जुड़ी सुविधाएं उसको निकालने में अहम भूमिका निभाएंगी। हम यहां के अन्नदाताओं का भी धन्यवाद करते हैं जिन्होंने इस एयरपोर्ट के लिए 13000 एकड़ भूमि दी जिसके लिए मैं उनका विशेष धन्यवाद करूंगा।सीएम योगी ने आगे कहा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने अपने नकारेपन के कारण देश को डेवलपमेंट के बॉटलनेक के रूप में छोड़ दिया था। इसीलिए 2001 से 2017 तक यूपी ने जलालत झेली है। लेकिन अब पीएम मोदी के नेतृत्व में और 2017 के बाद डबल इंजन की सरकार आने के बाद यूपी बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू के रूप में अपनी पहचान पेश कर रहा है।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)



