विश्व-लोक

ईरान का अमेरिका को बड़ा तोहफा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिका को एक “बहुत बड़ा तोहफा” दिया है, जिसकी कीमत “बहुत अधिक” है और जिसका संबंध तेल और गैस से है। हालांकि उन्होंने इस “तोहफे” की प्रकृति का खुलासा नहीं किया, लेकिन इतना जरूर संकेत दिया कि यह होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ा हुआ है। वह समुद्री मार्ग जिससे दुनिया की लगभग 20 फीसद तेल आपूर्ति गुजरती है। यह बयान ऐसे समय आया है जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुआ युद्ध चैथे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। इस संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य लगभग बंद हो गया है, जिससे वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आया है। ऐसे में ट्रंप का “तोहफा” वाला बयान केवल एक राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि एक संभावित रणनीतिक संकेत भी माना जा रहा है।

विश्लेषकों के अनुसार, ट्रंप का इशारा संभवतः ईरान द्वारा कुछ शर्तों के साथ जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने की घोषणा की ओर हो सकता है। दरअसल, ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के
माध्यम से यह संदेश दिया है कि “गैर-शत्रुतापूर्ण” जहाजों को होर्मुज से सुरक्षित गुजरने दिया जाएगा। यदि यह सही है, तो यह वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए राहत भरी खबर हो सकती है।दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि यह “तोहफा” ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा नहीं है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि ईरान ने यह आश्वासन दिया है कि वह कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। इस बीच ईरान ने किसी भी तरह की युद्धविराम वार्ता में शामिल होने से इनकार किया है, जिससे स्थिति और जटिल हो गई है। कूटनीतिक स्तर पर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका “सही लोगों” से बातचीत कर रहा है, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह बातचीत किन प्रतिनिधियों के साथ हो रही है। इस प्रक्रिया में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं। दूसरी ओर, क्षेत्रीय स्तर पर भी मध्यस्थता के प्रयास जारी हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बातचीत कर इस संकट को सुलझाने में मदद की पेशकश की है। यह दिखाता है कि यह संघर्ष अब केवल क्षेत्रीय नहीं, बल्कि वैश्विक चिंता का विषय बन चुका है।

 

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि होर्मुज जलडमरूमध्य का भविष्य क्या होगा। यदि यह मार्ग बंद रहता है, तो दुनिया भर में ऊर्जा संकट और महंगाई की स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं, यदि ट्रंप के “तोहफे” का मतलब वास्तव में आपूर्ति बहाली से है, तो यह शांति की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।अंततः, यह “रहस्यमयी तोहफा” केवल एक बयान नहीं, बल्कि कूटनीति, युद्ध और वैश्विक अर्थव्यवस्था के जटिल समीकरणों का प्रतीक बन गया है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि यह संकेत शांति की शुरुआत है या सिर्फ एक रणनीतिक चाल।
हालांकि इसमंे कोई दो राय नहीं कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कूटनीतिक मोर्चे पर हलचल तेज हो गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई समयसीमा को आगे बढ़ाने के फैसले ने संभावित सैन्य टकराव को फिलहाल टाल दिया है। यह कदम ऐसे समय में आया है जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर इसका गहरा असर पड़ रहा है।ट्रंप ने पहले ईरान को चेतावनी दी थी कि यदि हॉर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट्स पर हमला कर सकता है लेकिन अब उन्होंने पांच दिनों की अतिरिक्त मोहलत देकर संकेत दिया है कि अमेरिका सैन्य कार्रवाई से पहले कूटनीतिक रास्ते तलाशना चाहता है।

 

ट्रंप का दावा है कि अमेरिकी प्रतिनिधि एक “सम्मानित” ईरानी नेता के साथ बातचीत कर रहे हैं और ईरान समझौते के लिए इच्छुक है। हालांकि, ईरान ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि अमेरिका ने उसके “कड़े रुख” के सामने कदम पीछे खींचे हैं। इसी बीच, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ट्रंप से बातचीत की पुष्टि की है। उनका कहना है कि अमेरिका और इजराइल की संयुक्त सैन्य बढ़त को अब एक ऐसे समझौते में बदला जा सकता है जो इजराइल के हितों की रक्षा करे। यह बयान इस ओर इशारा करता है कि युद्ध के बीच भी राजनीतिक समाधान की संभावनाएं जीवित हैं।ईरान की ओर से भी कुछ नरम संकेत मिले हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि “मित्र देशों” के माध्यम से अमेरिका की ओर से बातचीत के संकेत मिले हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह संवाद किस स्तर पर और किन शर्तों पर हो सकता है।इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ी चिंता ऊर्जा संकट को लेकर है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, लंबे समय से तनाव के केंद्र में रहा है। ईरान ने पहले खाड़ी में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने और क्षेत्र के ऊर्जा एवं जल ढांचे को निशाना बनाने की धमकी दी थी, जिससे संकट और गहरा सकता था।

 

ट्रंप द्वारा समयसीमा बढ़ाने के फैसले से खाड़ी देशों को फिलहाल राहत मिली है। भारत के लिए भी यह घटनाक्रम बेहद महत्वपूर्ण है। इसी तनाव के बीच भारत के दो एलपीजी टैंकर-जग वसंत और पाइन गैस-सुरक्षित रूप से हॉर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं। यह भारत की ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक सकारात्मक संकेत है और यह भी दर्शाता है कि संकट के बावजूद सीमित स्तर पर समुद्री गतिविधियां जारी हैं।कुल मिलाकर, यह स्थिति एक “कूटनीतिक खींचतान” की तरह दिखाई दे रही है, जहां सैन्य दबाव और बातचीत दोनों साथ-साथ चल रहे हैं। आने वाले दिन इस संकट के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं कि क्या यह तनाव किसी समझौते की ओर बढ़ेगा या फिर एक बड़े टकराव में बदल जाएगा। फिलहाल, दुनिया राहत की सांस जरूर ले
रही है कि युद्ध का दायरा और नहीं बढ़ा है।(वीपी राहुल-हिफी फीचर)

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button