किसी को तो है आमजन की चिंता

कहने को लोकतंत्र में लोक अर्थात जन प्रमुख होते हैं लेकिन व्यावहारिक रूप से लोकतंत्र भी राजतंत्र की तरह ही चलता है। राजतंत्र में राज परिवार और उससे जुड़े दरबारियों को हर जगह प्राथमिकता दी जाती है, उसी तरह लोकतंत्र में भी कुछ माननीय हैं जिनके सामने आमजन को घास-कूड़ा (क्षमा करें, इससे घटिया शब्द मैं लिख नहीं सकता) ही समझा जाता है। प्रत्यक्ष अनुभव से ये कह रहा हूं और कितनों को ही उसी तरह का कटु अनुभव हुआ होगा। इसके बारे में कुछ उदाहरण भी दूंगा। बहरहाल, व्यवस्था की तपती दोपहरी में अदालत से ठंडी हवा के झोंके मिले हैं। इससे लगता है कि कोई तो है जो हमारे देश में आमजन की चिंता कर रहा है। यह उम्मीद आगे चलकर बड़ा रूप भी ले सकती है। गत 18 नवम्बर 2026 को बाम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई की गंदी सड़कों को लेकर बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) को कड़ी फटकार लगाई। बाम्बे हाईकोर्ट ने सवाल किया कि शहर में वीआईपी मेहमानों के आने पर ही स़ड़कों की सफाई और धुलाई क्यों होती है? मुंबई के आम लोगों को साफ-सुथरी सड़क क्यों नहीं मिल सकती? ध्यान रहे कि 16 नवम्बर 2026 को ब्रिटेन के शाही जोड़े प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने मुंबई के बलाई एस्टेट इलाके का दौरा किया था। इस दौरे से पहले पूरे इलाके की अच्छी तरह सफाई की गयी थी। हाईकोर्ट ने इसे एक उदाहरण के तौर पर लिया है। इस गलत फहमी में किसी को नहीं पड़ना चाहिए कि विदेशी मेहमान को लेकर कोर्ट ने टिप्पणी की है। हमारी भारतीय संस्कृति में मेहमान को ईश्वर का रूप माना जाता है और हम उसका पूरा सम्मान भी करते हैं। इस दृष्टि से प्रिंस विलियम और केट मिडलटन का भव्य स्वागत हमारा और मंुबई का कर्तव्य था लेकिन कोर्ट की टिप्पणी को व्यापक रूप में लिया जाना चाहिए। शहरों में वीआईपी विजिट के समय भी ऐसा ही होता है। न्यायपालिका सजग है, यह अच्छी बात है। कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में प्रदूषण को लेकर भी किसानों का पक्ष रखते हुए कहा था सारा दोष पराली पर ही क्यों मढ़ जाता है? बड़े लोगों की गाड़ियों पर ध्यान क्यों नहीं दिया जाता जो सबसे ज्यादा प्रदूषण फैलाती हैं। इसी मामले में अभी एक टिप्पणी हुई है।
अब कुछ व्यक्तिगत अनुभव। इस तरह के आघात अन्य लोगों को भी हुए होंगे। इसी साल गत 30 अक्टूबर को सांयकाल 6 बजे लखनऊ के राजभवन के सामने गुजर रहा था। उस दिन भाजपा के एक वरिष्ठ नेता लखनऊ आये थे। उनके सुगम यातायात के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया। उस दिन मौसम बहुत खराब था। पानी बरस रहा था। अक्टूबर बीतते-बीतते सर्दी भी पड़ने लगती है। पानी से भगमने पर शरीर कांप रहा था लेकिन महा माननीय को उसी मार्ग से गुजरना था। वह आलीशान कार में गये। उनको न पानी बौछारें झेलनी पड़ीं और न यातायात जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। हमारों की संख्या में आमजन भीगता रहा। सर्दी से कांपता रहा लेकिन लोकतंत्र के रखवालों को इसकी फिक्र नहीं हुई। इसी तरह कई बार तपती धूप में माननीयों का यातायात सुगम करने के लिए आम जनता को खड़ा रहना पड़ता है। मैं भी कई बार पसीने से तर-बतर हुआ, क्योंकि मेरे पास चार पहिये वाली वातानुकूलित गाड़ी नहीं है। मेरे जैसे इस देश में करोड़ों लोग हैं। वे आमजन हैं। कोई कोर्ट कभी इन आमजनों की भी चिंता करेगा, यह उम्मीद बाम्बे हाईकोर्ट की टिप्पणी से जगे हैं।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई के कचरे को लेकर राज्य सरकार और बीएमसी को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि शाही मेहमान ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन (केट) के मुंबई दौरे के दौरान शहर के कुछ इलाकों और वहां की सड़कों को चमका दिया गया, लेकिन आम मुंबईकरों को अब भी सड़कों पर कचरे के ढेर और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। यह दोहरा रवैया ठीक नहीं है। कोर्ट ने कहा कि खास मेहमानों के आने पर प्रशासन दो दिन के लिए शहर को चमका सकता है, तो आम नागरिकों के लिए भी ऐसी व्यवस्था स्थायी रूप से क्यों नहीं की जा सकती? कोर्ट ने यह टिप्पणी कंजूरमार्ग डंपिंग साइट की दुर्गंध, वेस्ट मैनेजमेंट और प्रदूषण के मुद्दे को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान की है। जब कुछ खास मेहमान शहर आने वाले थे, तब दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट की तस्वीर ही बदल गई। सड़कों की सफाई की गई, पानी से रास्ते धोए गए और पूरे इलाके को चमका दिया गया। यदि प्रशासन ऐसा कर सकता है तो आम नागरिकों के लिए भी यह व्यवस्था क्यों नहीं हो सकती? बेंच ने कहा कि राज्य सरकार और बीएमसी यदि ठान लें तो बहुत कम समय में शहर की सूरत बदल सकते हैं।
जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की बेंच ने कहा कि प्रशासन को शहर के स्थायी निवासियों के लिए काम करना चाहिए। केवल महत्वपूर्ण व्यक्तियों के दौरे के समय ही सफाई और सौंदर्यीकरण पर ध्यान देना उचित नहीं है। सिर्फ वीआईपी मेहमानों के लिए सड़कें चमकाई जाती है। बेंच ने कहा कि दो दिन के अस्थायी दिखावे के बजाय मुंबई के प्रत्येक वार्ड में स्थायी रूप से सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। दोनों जजों ने खुद डंपिंग ग्राउंड का दौरा किया था और वहां प्लास्टिक से भरे कचरे के बड़े ढेर देखे थे।
दिल्ली की हवा का असर अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में मजेदार टिप्पणी के रूप में दिखने लगा है।बच्चे की कस्टडी और मुलाकात के अधिकार से जुड़े मामले में जस्टिस जेबी पारदीवाला ने दिल्ली में रहने वाले पिता से कहा कि सिंगापुर में रह रहे बेटे को यहां तभी लाएं जब एक्यूआई सुधर जाए। जज ने मुस्कुराते हुए कहा कि सिंगापुर बहुत साफ है। इस पर वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ लूथरा ने भी सिंगापुर जाने की बात कही। जवाब में जस्टिस पारदीवाला बोले कि अगले जन्म में। सुनवाई के दौरान कोर्टरूम में मुस्कान फैल गई। दिल्ली की हवा इतनी खराब हो चुकी है कि अब सुप्रीम कोर्ट के जज भी इस पर हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कस रहे हैं।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार यह मामला केवल दिल्ली के प्रदूषण पर अदालत की टिप्पणी तक सीमित नहीं था। सुप्रीम कोर्ट के सामने एक परिवार का पुराना विवाद था जिसमें पिता अपने बच्चों से मिलने के अधिकार को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।पिता का आरोप था कि उनकी अलग रह रही पत्नी बच्चों को सिंगापुर ले गईं और इस तरह अदालत के तय किए गए मुलाकात के अधिकारों का उल्लंघन हुआ।सुनवाई के दौरान जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने बच्चे से सीधे बातचीत की।कोशिश थी कि पिता और बच्चों के बीच रिश्ते फिर से बेहतर हो सकें। इसी बातचीत में दिल्ली की हवा का जिक्र आया और सुनवाई का माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट की एक अन्य पीठ ने हाल ही में दिवाली के दौरान दिल्ली में ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी थी। अब बच्चे को दिल्ली लाने के सवाल पर जस्टिस पारदीवाला की यह टिप्पणी राजधानी की खराब हवा की स्थिति को लेकर अदालत की चिंता को एक बार फिर सामने लाती है। सुप्रीम कोर्ट ने इसी संदर्भ में प्रदूषण के लिए किसानों की पराली जलाने पर कमेंट करते हुए कहा था कि किसानों की पराली सभी को दिख रही लेकिन अमीरों की गाड़ियां नहीं दिख रही हैं।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)



