डेटा सेंटर लगाने वाली कंपनियों पर ट्रम्प ने जुर्माना लगाने की दी धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विदेशों में डेटा सेंटर स्थापित करने वाली कंपनियों पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। इस बीच माइक्रोसॉफ्ट ने अपने अंतरराष्ट्रीय डेटा सेंटरों का बचाव किया है। कंपनी के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने कहा है कि क्लाउड सेवाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए डेटा सेंटरों का ग्राहकों के नजदीक होना जरूरी है। इस बहस का असर भारत के लिए भी महत्वपूर्ण हो सकता है। माइक्रोसॉफ्ट ने दिसंबर 2025 में भारत में 2026 से 2029 के बीच क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े बुनियादी ढांचे, कौशल विकास और परिचालन के लिए 17.5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की थी।
हालांकि, स्मिथ और अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने अपनी बातचीत में भारत को ट्रंप की प्रस्तावित पाबंदियों के निशाने पर नहीं बताया। स्मिथ ने रविवार को अमेरिकी समाचार चैनल सीबीएस के कार्यक्रम फेस द नेशन में कहा, सबसे उन्नत एआई मॉडल की ट्रेनिंग अमेरिका में कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की जा सकती है, लेकिन सभी डेटा सेंटरों को एक ही नजरिए से देखना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अधिकांश डेटा सेंटरों का इस्तेमाल अत्याधुनिक एआई मॉडल तैयार करने के बजाय क्लाउड सेवाएं उपलब्ध कराने में होता है। इनके जरिए लोग वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन गेमिंग और कारोबारी गतिविधियां संचालित
करते हैं। ऐसी सेवाओं के लिए डेटा सेंटरों का ग्राहकों के नजदीक होना
आवश्यक है। स्मिथ ने फिनलैंड का उदाहरण देते हुए कहा, अमेरिका के न्यू जर्सी में बने डेटा सेंटर से हेलसिंकी के ग्राहकों को उसी तरह सेवाएं नहीं दी जा सकतीं, जैसे न्यू जर्सी के बिजलीघर से हेलसिंकी में बिजली पहुंचाकर वहां की जरूरत पूरी नहीं की जा सकती इसलिए स्थानीय स्तर पर डेटा सेंटर स्थापित करना जरूरी है। (हिफी)



