ईरान में लम्बी लड़ाई नहीं लड़ेगा अमेरिका

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एयर फोर्स टू पर वाशिंगटन पोस्ट को दिए एक विशेष इंटरव्यू में महत्वपूर्ण बयान दिया है। वेंस ने उन आशंकाओं को सिरे से खारिज कर दिया कि संयुक्त राज्य अमेरिका मध्य पूर्व में किसी लंबे युद्ध का हिस्सा बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के विरुद्ध नए सैन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हों, लेकिन अमेरिका के एक और लंबे क्षेत्रीय संघर्ष में शामिल होने की कोई संभावना नहीं है।
वेंस ने कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य हमले अभी भी विचाराधीन हैं, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि ऐसी कार्रवाई वर्षों तक चलने वाले संघर्ष में तब्दील हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सोचना कि हम मध्य पूर्व में वर्षों तक बिना किसी अंत के युद्ध में उलझे रहेंगे, इसकी कोई संभावना नहीं है। जेडी वेंस ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ट्रंप अंततः क्या निर्णय लेंगे। विकल्पों में ईरान को परमाणु हथियार प्राप्त करने से रोकने के लिए सैन्य हमले करना या समस्या का कूटनीतिक समाधान करना शामिल है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हम सभी कूटनीतिक विकल्प को प्राथमिकता देते हैं लेकिन यह वास्तव में इस बात पर निर्भर करता है कि ईरानी क्या करते हैं और क्या कहते हैं। इराक युद्ध में अपनी सेवाएं दे चुके 41 वर्षीय पूर्व मरीन सैनिक वेंस ने एक बार फिर अपनी विदेश नीति संबंधी सोच स्पष्ट की है। उन्होंने पहले भी स्वयं को विदेशी सैन्य हस्तक्षेपों को लेकर संशय की दृष्टि रखने वाला बताया था। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि हमें अतीत की गलतियों को दोहराने से बचना होगा।



