अमरीका के ऊर्जा मंत्री की विक्रम मिसरी से मुलाकात उपयोगी रही

भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि अमरीका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट की विदेश सचिव विक्रम मिसरी से मुलाकात उपयोगी रही है। श्री गोर ने यह बात भारत-अमरीका ऊर्जा सहयोग के भविष्य पर हुई चर्चा के संदर्भ में कही। यह बैठक शांति विधेयक को भारत में पारित किए जाने के मद्देनजर हुई है।
इस विधेयक का उद्देश्य भारत के परमाणु ऊर्जा ढांचे का आधुनिकीकरण करना, सुरक्षा मानकों में सुधार करना और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के अवसर सृजित करना है। श्री गोर ने शांति विधेयक को भारत की ऊर्जा नीति में मील का पत्थर बताया। श्री गोर ने कहा कि अमरीका, भारत के साथ असैन्य परमाणु ऊर्जा सहित ऊर्जा सुरक्षा के अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने को तैयार है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच विदेश सचिव विक्रम मिस्री पेरिस और बर्लिन के दौरे पर जा रहे हैं, जहां ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और रक्षा सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर उच्चस्तरीय वार्ता होगी। इस दौरान वे फ्रांस की राजधानी पेरिस और जर्मनी की राजधानी बर्लिन में उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे।विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और रक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। खासतौर पर पश्चिम एशिया संकट का ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ने वाला असर वार्ता का प्रमुख विषय रहेगा।पेरिस में विक्रम मिस्री, फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएंस के साथ भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में रक्षा, सिविल न्यूक्लियर एनर्जी, अंतरिक्ष, साइबर, डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।



