पाक अधिकृत कश्मीर के पीएम बनना चाहते नवाज शरीफ

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) का प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शरीफ ने कहा कि पीओके का प्रधानमंत्री बनने पर उनके लिए क्षेत्र में विकास कार्यों की व्यक्तिगत रूप से देखरेख करना संभव होगा।
पीओके में 27 जुलाई से 10 अगस्त के बीच चुनाव होने हैं। शरीफ ने यह टिप्पणी 22 जुलाई मुजफ्फराबाद में एक चुनाव रैली के दौरान की। भारत का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न एवं अविभाज्य हिस्सा हैं। उसका यह भी कहना है कि पाकिस्तान ने दोनों केंद्र-शासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों पर गैर-कानूनी तरीके से और जबरन कब्जा कर रखा है।
भारत ने पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान में चुनावों के आयोजन को लेकर पाकिस्तान के सामने कई बार विरोध दर्ज कराया है। भारत इन इलाकों की तथाकथित विधानसभाओं को मान्यता भी नहीं देता है। शरीफ ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पीओके उन्हें अपने गृह प्रांत पंजाब (पाकिस्तान) जितना ही प्यारा है। उन्होंने कहा, यह मेरा दूसरा घर है। मेरे पूर्वज कश्मीर से आए थे। शरीफ ने कहा, अगर मेरी पार्टी जीतती है, तो मैं प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुझे पीओके का प्रधानमंत्री बनाने के लिए कहूंगा, ताकि मैं वहां विकास कार्यों की व्यक्तिगत रूप से देखरेख कर सकूं।
पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) पिछले 1 महीने से ज्यादा समय से उबल रहा है। इलाके में पाकिस्तानी शासन के शोषण और दमन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। यह प्रदर्शन ऐसे समय में हो रहे हैं, जब जुलाई के आखिर में यहां विधान चुनाव होने वाले हैं। हालांकि, जानकारों का कहना है कि आने वाले विधानसभा चुनावों से स्थानीय लोगों को कोई समाधान मिलने की उम्मीद कम ही है। ज्यादातर स्थानीय लोगों का मानना है कि ये चुनाव पाकिस्तान के लिए दिखावा से अधिक कुछ नहीं है। ऐसे में पाकिस्तान को इस चुनाव से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।



