लेखक की कलम

जज साहेब को सुप्रीम नसीहत

सच में न्याय वहीं है, जहां अपने और पराये मंे किसी प्रकार का भेद न किया जाए। त्रेता चुग मंे राम राज्य का उल्लेख इसीलिए किया जाता है कि एक पिता ने और एक पति ने राजा होने पर अपने संबंधों को नहीं, न्याय को प्राथमिकता दी थी। अभी कुछ दिन पहले देश की सबसे बड़ी अदालत अर्थात सुप्रीम कोर्ट के सामने एक ऐसा मामला आया जो बिहार के सेशन जज से जुड़ा था। जज साहेब ने एक डीएम और एसपी को एफआईआर दर्ज करने के आदेश को नहीं मानने पर दोषी ठहराया और जुर्माना ठोंक दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने जज साहेब की कानूनी समझ पर सवाल उठाये। सुप्रीम कोर्ट ने अपना लहजा कुछ सख्त करते हुए जज साहेब को नसीहत दी कि वह अपने को न्यायाधीश तक ही सीमित रखें, बाहुबली बनने का प्रयास न करें।
ध्यान रहे कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। न्यायालय को यह अधिकार है कि जरूरत पड़ने पर डीएम और एसपी को भी अदालत मंे तलब करे लेकिन इस तरह के हालात भी हो सकते हैं कि दोनों अधिकारी अदालत न पहुंच पाएं? इसलिए अदालत को भी परिस्थितियों पर ध्यान देना चाहिए। बिहार में सेशन जज ने परिस्थितियों पर गौर नहीं किया और अदालत न आने पर अधिकारियों पर सीधे ही कार्रवाई कर दी। बिहार मंे 2019 मंे भी इसी तरह का एक मामला काफी चर्चा में रहा था।
बिहार के सेशन जज पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है कि कानून की आपकी समझ बेहद निराशाजनक है। ‘बाहुबली’ की तरह बर्ताव करना बंद करें। पुलिस अधिकारी को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश नहीं मानने पर दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ये टिप्पणी की। जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने पूछा- क्या जज अपने अधिकार क्षेत्र में थे? कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज के कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताई है। इस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने जज की कानूनी समझ पर भी सवाल उठाए और उनके रवैये को लेकर तीखी टिप्पणी की। सीजेआई सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ में सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि जज को पहले यह समझना चाहिए कि अदालत की अवमानना या अदालत के सामने किए गए अपराध का कानूनी दायरा क्या है। जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि बीएनएसएस की धारा 384 और सीआरपीसी की धारा 345 के दायरे को समझना जरूरी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत कक्ष में किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत को गाली देता है या अदालत के निर्देश के बावजूद कोर्ट रूम छोड़ने से इनकार करता है तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है, लेकिन अगर अदालत किसी व्यक्ति को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देती है और वह ऐसा नहीं करता तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता। जस्टिस बागची ने कहा कि कानून के बारे में आपकी समझ वास्तव में बेहद निराशाजनक है। आप जिस तरह का आक्रामक रवैया अपना रहे हैं, उसमें आपने पुलिस अधीक्षक को बुलाया और उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया।
डीएम और एसपी को बुलाकर उसी दिन दोषी ठहराने पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सेशन जज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वह अपने अधिकार क्षेत्र में रहते हुए कार्रवाई कर रहे थे? पीठ ने पूछा कि क्या जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को अदालत में बुलाना, उनके उपस्थित नहीं होने को अदालत के सामने किया गया अपराध मानना और उसी आधार पर उन्हें दोषी ठहराकर सजा देना जज के अधिकार क्षेत्र में था? सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता जज के वकील से कहा कि वह अपने मुवक्किल को सलाह दें कि वह ‘बाहुबली’ की तरह व्यवहार करना बंद करें। बीएनएसएस की धारा 384 और सीआरपीसी की धारा 345 का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि इन प्रावधानों के तहत अदालत के सामने या उसकी कार्यवाही के दौरान कुछ विशिष्ट अपराध होने पर अदालत को कार्रवाई करने का अधिकार मिलता है, हालांकि अदालत के किसी निर्देश का पालन नहीं करना अपने आप में इस श्रेणी का अपराध नहीं बन जाता। ऐसे मामलों में कार्रवाई के लिए कानून में निर्धारित अलग प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र का पालन करना जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट ने 23 नवंबर 2026 को बिहार के सासाराम स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार को रोहतास के एसपी रौशन कुमार को अवमानना का दोषी ठहराने और 1 रुपये का जुर्माना लगाने के मामले में कड़ी फटकार लगाई है।जज अनिल कुमार ने अपने निर्देश पर कथित रूप से एफआईआर दर्ज न करने और आदेश का पालन न करने के आरोप में रोहतास के एसपी को तलब किया था और उसी दिन अदालत की अवमानना का दोषी ठहराते हुए 1 रुपये का जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने जज को अपने दायरे को समझने और नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में प्रशिक्षण लेने की सलाह दी।
सासाराम के डिस्ट्रिक्ट एंड एडिशनल सेशंस जज-4 अनिल कुमार ने अपहरण के मामले में दोषियों को सजा सुनाने के बाद पुलिस को कुछ निर्देश दिए थे। उनमें झूठी गवाही के लिए पीड़ित के खिलाफ एफआईआर और उसके कथित गांजा कारोबार की जांच की बात शामिल थी। अपने इन निर्देशों का पालन न होने पर उन्होंने तत्कालीन एसपी रौशन कुमार को कोर्ट में तलब किया था। 29 सितंबर, 2026 को उन्होंने एसपी को अवमानना का दोषी ठहराया और बीएनएसएस की धारा 384 के तहत 1 रुपये का प्रतीकात्मक जुर्माना लगाया था। जज ने इस बात को अधिकारी के सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज करने का भी निर्देश दिया था।
जस्टिस बागची ने कहा कि जज का मकसद न्याय करना हो सकता है, लेकिन न्यायिक प्रक्रिया नियमों और अनुशासन से बंधी होती है। उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट और एसपी को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया और उनकी गैर-मौजूदगी को कोर्ट के सामने अपराध मानकर दोषी ठहरा दिया। यह सब उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि अगर जज को यह लगता था कि मामला आपराधिक अवमानना का है, तो हाई कोर्ट के सामने मामला रखना चाहिए था।
बिहार मंे ही 2019 में एडीजे ने छेड़खानी के एक आरोपी को जमानत देते हुए उसे पूरे गांव के कपड़े मुफ्त में धोने का आदेश दिया। इसी साल एक दूसरे फैसले में, उन्होंने एक मामले (जिसमें पुलिस ने पोक्सो कानून का इस्तेमाल करते हुए आरोपपत्र दाखिल नहीं किया था) में आरोपी को जमानत देने से इनकार करते हुए आदेश दिया कि मधुबनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए क्योंकि उन्होंने नाबालिग लड़कियों के संबंध में
अपनी खराब जानकारी का प्रदर्शन किया है।
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button