विश्व-लोक

मेडागास्कर में भी जेन-जी का उग्र प्रदर्शन, राष्ट्रपति भागे

नेपाल के बाद अब एक और देश में जेन-जी का उग्र प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। प्रदर्शन की वजह से हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने देश छोड़ दिया है। राजोइलिना ने कहा कि सैन्य विद्रोह के बाद उनकी जान को खतरा था और इसलिए वह देश छोड़कर भाग गए है। मेडागास्कर के राष्ट्रपति ने देश छोड़ने के बाद किसी अज्ञात स्थान से राष्ट्रीय टेलीविजन पर देशवासियों को संबोधित किया है।
देश में अराजकता भरे माहौल में राजोइलिना ने कहा कि हिंद महासागर के इस द्वीप की सत्ता हथियाने का अवैध प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने देर रात अपने भाषण में कहा, ‘‘मुझे अपने जीवन की रक्षा के लिए सुरक्षित स्थान खोजने पर मजबूर होना पड़ा।’’ सैन्य इकाई ‘कैपसैट’ के तख्तापलट के प्रयासों और राजधानी अंतानानारिवो के एक मुख्य चैक पर हजारों प्रदर्शनकारियों के साथ रैली में शामिल होने के बाद राजोइलिना की यह पहली सार्वजनिक टिप्पणी थी।
राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने अपने संबोधन में राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने की बात नहीं कही है। देश में बीते कई दिनों से सरकार के विरोध में जेन-जी का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त और गंभीर हो गए थे जब शनिवार को सेना का एक दल भी इसमें शामिल हो गया था। प्रदर्शन के दौरान सेना से जुड़े लोगों ने भी राष्ट्रपति और मंत्रियों से पद छोड़ने की मांग कर दी है।राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने देश में बने हालातों से बाहर निकलने के लिए बातचीत करने की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान किया जाना चाहिए। राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि वह मेडागास्कर से कैसे निकले या कहां थे, लेकिन एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्हें फ्रांस के एक सैन्य विमान से देश से बाहर ले जाया गया। वहीं, फ्रांस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस संबंध में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। मेडागास्कर फ्रांस का उपनिवेश रहा है और राजोइलिना के पास कथित तौर पर फ्रांसीसी नागरिकता है, जिसे लेकर कुछ देशवासी असंतोष व्यक्त कर चुके हैं। सरकार विरोधी प्रदर्शन 25 सितंबर को पानी और बिजली की लगातार कटौती के विरोध में शुरू हुए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button