नेपाल ने कहा भारत से रिश्तों को मिली नयी गति

काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का दो दिवसीय भारत दौरा दोनों देशों के रिश्तों के लिए अहम साबित हुआ है। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने 23 नवम्बर को इस यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरे से सदियों पुराने रिश्तों को नई गति मिली है और भारत-नेपाल संबंध लंबे समय बाद सकारात्मक और रचनात्मक रास्ते पर लौटे हैं। बालेन शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के राजकीय दौरे पर आए थे। वह भारत यात्रा पूरी कर काठमांडू लौट गए। काठमांडू में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर बालेन शाह भारत आए थे। हाल के राजनीतिक बदलाव और आम चुनाव के बाद बनी नेपाल की मौजूदा सरकार के किसी प्रमुख की यह पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा थी। उन्होंने कहा कि इस दौरे का मकसद दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को मजबूत करना और आम लोगों को इसका सीधा फायदा पहुंचाना था। भारत दौरे के दौरान बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण दिया। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि बालेन शाह ने पीएम मोदी से अपनी सुविधा के अनुसार नेपाल आने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मोदी की यात्रा की तारीखें दोनों देशों के राजनयिक चैनलों के जरिए तय की जाएंगी।
23 नवंबर को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई। इसमें कनेक्टिविटी, ऊर्जा साझेदारी, व्यापार, आर्थिक सहयोग, लोगों के बीच संबंध और खेल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार साझा किए। इस बैठक के बाद दोनों देशों ने विकसित भारत-समृद्ध नेपाल नाम से साझा विजन डॉक्यूमेंट जारी किया। इसका उद्देश्य भारत और नेपाल के रिश्तों को नतीजे देने वाली साझेदारी में बदलना है। (हिफी)



